तरहसी सुभाष चौक के पास विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य अतिथि मनीष पाण्डेय
तरहसी (पलामू) : तरहसी बाजार के सुभाष चौक के समीप गुरुवार को ऑटो संघ के द्वारा विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तरहसी पश्चिमी जिला परिषद भावी प्रत्याशी सदस्य मनीष पाण्डेय शामिल हुए। आयोजन समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व मुख्य अतिथि मनीष पाण्डेय ने देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने क्षेत्र के सभी कामगारों, शिल्पकारों एवं आम लोगों के सुख, शांति और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की। इसके बाद फीता काटकर भक्ति जागरण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर मनीष पाण्डेय ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को देवशिल्पी के रूप में पूजा जाता है। विश्वकर्मा पूजा कामगारों, कारीगरों एवं विभिन्न व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए विशेष महत्व रखती है। उन्होंने आयोजन समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए गए स्वागत के प्रति आभार व्यक्त किया।
भक्ति जागरण के दौरान कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और देर रात तक भक्ति संगीत का आनंद लिया।
मौके पर तरहसी पंचायत के मुखिया गोपाल प्रसाद, उदयपुर वन पंचायत के मुखिया प्रवीण पाण्डेय, लड्डू रजक, उज्जवल पाण्डेय, आलोक पांडेय समेत आयोजन समिति के सदस्य एवं दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

No Previous Comments found.