चाकू से हमला मामले में केस दर्ज, आरोपी ग्रामीणों की पकड़ से फरार

पलामू : मनातू थाना क्षेत्र के गवही गांव निवासी मुन्ना पासवान पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल मुन्ना पासवान के आवेदन पर तरहसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी जीशान आलम की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे मुन्ना पासवान अपने दोस्त आनंद सिंह के साथ बाइक से पांकी के तेतराई से अपने गांव गवही लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान जमुना गांव निवासी जीशान आलम बाइक से उनका पीछा कर रहा था। जमुना गांव स्थित अमानत पुल के पास जीशान ने मुन्ना पासवान को रोक लिया।

मुन्ना के अनुसार, रोकने का कारण पूछने पर जीशान आलम ने कथित तौर पर चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में मुन्ना के माथे पर चोट लगी, जबकि सीने में भी चाकू लगने की बात कही गई है। घटना के दौरान मुन्ना और उसके दोस्त आनंद ने जीशान को पकड़ लिया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि दोनों युवकों ने जीशान को ग्रामीणों के हवाले कर दिया और घायल मुन्ना इलाज कराने के लिए पांकी अस्पताल चला गया। इलाज कराने के बाद बुधवार को मुन्ना ने तरहसी थाना में घटना को लेकर आवेदन दिया। पुलिस ने आवेदन और प्रारंभिक जांच के बाद गुरुवार को मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों की पकड़ में आने के बाद आरोपी जीशान आलम मौका पाकर वहां से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के पीछे के कारणों का भी पुलिस पता लगा रही है।

रिपोर्टर :  सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.