एक दशक बाद तरहसी मुख्यालय में सजेगा वॉलीबॉल का महामुकाबला

तरहसी, पलामू :  तरहसी प्रखंड मुख्यालय में करीब एक दशक बाद वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। प्रतियोगिता का आयोजन तरहसी शिव मंदिर परिसर में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार मैच की शुरुआत 4 अक्टूबर 2026 से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 14 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मुकाबले दोपहर दो बजे से शुरू होंगे।

बताया गया कि तरहसी में करीब दस वर्ष पहले आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भी काफी चर्चित रहा था। उस समय फाइनल मैच के मुख्य अतिथि स्वर्गीय विदेश बाबू थे। वहीं, तत्कालीन पलामू उपायुक्त पूजा सिंघल और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अनूप टी. मैथ्यू भी फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे थे। आयोजकों के अनुसार उस समय हुए रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए दर्शक अंत तक मैदान में डटे रहे थे।
करीब एक दशक बाद दोबारा प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वही उपविजेता को रु 5100 नकद व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। और साथ ही मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द सीरीज लाने वाले को नकद व ट्रॉफी देकर सम्मानित की जाएगी।
प्रतियोगिता के उद्घाटन एवं समापन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रहेगी। आयोजकों के अनुसार मुख्य अतिथि के रूप में चेंबर अध्यक्ष सह तरहसी मुखिया प्रत्याशी गोपाल प्रसाद और विशिष्ट अतिथि के रूप में तरहसी पश्चिम जिला परिषद प्रत्याशी मनीष पांडेय को आमंत्रित किया गया है। प्रतियोगिता के आयोजक शुभम पांडेय और ओमप्रकाश साव हैं, जबकि पूरे आयोजन के संरक्षक उमेश पांडेय, कमिटी सचिव उज्ज्वल पांडेय बनाए गए हैं। 
आयोजकों ने खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.