सगालीम संकुल में सखी मंडलों की वार्षिक ग्राम आमसभा आयोजित, मातृशक्ति की भूमिका की हुई जमकर सराहना

पांकी : पांकी प्रखंड अंतर्गत जेएसएलपीएस सगालीम संकुल में सखी मंडलों द्वारा वार्षिक ग्राम आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। आमसभा में सखी मंडलों से जुड़ी महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में सगालीम पंचायत के मुखिया सुनील कुमार प्रजापति, पंचायत समिति सदस्य रिंमा देवी, दुर्गावती पंचायत की पंचायत समिति सदस्य सविता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं जेएसएलपीएस से जुड़े पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान संकुल अध्यक्ष नीतू भारती एवं संध्या देवी के नेतृत्व में सखी मंडल की महिलाओं ने मंचासीन अतिथियों का पारंपरिक एवं आत्मीय अंदाज में स्वागत किया। महिलाओं द्वारा अपने हाथों से प्राकृतिक पत्तों से तैयार की गई आकर्षक माला पहनाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों को सम्मानित किया गया। महिलाओं के इस अनूठे एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता से जुड़े प्रयास की अतिथियों ने जमकर सराहना की।

आमसभा में बैंक सखी कंचन कुमारी, कनीजा खातून, ललिता कुमारी एवं कलावती देवी सहित सखी मंडल एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं। इसके अलावा डीएम मिस मिथिलेश्वर मैडम, मिस अख्तर सर, सीएलएफ के बीओडी सदस्य, समूहों के सदस्यगण, बीपीएम नवीन सर, सीसी अजीत तिवारी, उमेश कुमार, रंजीत कुमार सहित कई लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

सभा के दौरान सखी मंडलों की गतिविधियों, महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक आत्मनिर्भरता, बचत, आजीविका संवर्धन तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आज अपने परिवार की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

वक्ताओं ने कहा कि मातृशक्ति अब केवल घर की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और सामुदायिक विकास में भी अपनी मजबूत भागीदारी निभा रही है। महिलाओं की एकजुटता, मेहनत और आत्मनिर्भरता ग्रामीण क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव तैयार कर रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सखी मंडलों की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाओं का संगठित होकर आगे बढ़ना पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने महिलाओं को इसी तरह एकजुट होकर अपने समूहों को मजबूत बनाने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन रंजीत कुमार द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन प्रकाश कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं सखी मंडल की महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्टर : अमित शर्मा

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.