राजहरा में सप्तमी पूजा पर निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू) : प्रखंड के राजहरा पंचायत अंतर्गत लक्ष्मी नगर चौक, ग्राम राजहरा में शारदीय नवरात्र की सप्तमी पूजा के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था और भक्ति प्रकट की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

कलश यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में पंचायत की उपमुखिया सीमा देवी शामिल हुईं। उन्होंने कलशधारियों को अंगवस्त्र एवं कलश प्रदान कर यात्रा के लिए रवाना किया। इसके बाद श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कलश लेकर नदी की ओर रवाना हुए। वहां विधि-विधान के साथ जल भरने की प्रक्रिया संपन्न की गई।

यात्रा के दौरान मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर पूजा समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह, सचिव राजकुमार सिंह और कोषाध्यक्ष सतीश कुमार वर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

रिपोर्टर : अवध किशोर राय 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.