दुर्गा पूजा को लेकर लेस्लीगंज में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
पलामू : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर लेस्लीगंज थाना पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर कोट खास, मस्जिद चौक, गांधी चौक और डेला रोड होते हुए वापस थाना परिसर पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करते हुए शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी जागो महतो ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने आम लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा मनाने तथा प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। प्रत्येक पूजा पंडाल में मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की गश्ती भी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भीक होकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें और त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। मौके पर इंस्पेक्टर सोनू कुमार चौधरी एस आई सुबिर किस्कू बाबूलाल यादव रामानंद प्रसाद जितेंद्र कुमार सहित सैकड़ो महिला पुरुष पुलिस बल शामिल थे
रिपोर्टर : अवध किशोर राय

No Previous Comments found.