बेदानी मोड़-जगतपुरवा मुख्य पथ पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार घायल

तरहसी : पलामू जिले के तरहसी प्रखंड अंतर्गत बेदानी मोड़ से जगतपुरवा जाने वाले मुख्य पथ पर गुरुवार को उदयपुरा वन पंचायत भवन के समीप दो दोपहिया वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए तरहसी उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

घायलों में सविता देवी, विदेश्वर उरांव, अक्षय कुमार भुइयां (पिता संजू भुइयां), ग्राम बरकोमा, अंगरा, पाटन के निवासी शामिल हैं। वहीं, एक अन्य महिला को भी गंभीर चोट आई है। दुर्घटना में घायल महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल तरहसी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी ली। इधर, ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उप स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
घायलों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सभी को एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.