49.91 लाख की लागत से बन रहे बीपीएचयू लैब भवन में गुणवत्ता से समझौता

पलामू - तरहसी सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर कई नियम और मानक निर्धारित किए गए हैं, लेकिन इन नियमों का पालन धरातल पर किस तरह हो रहा है, इसकी तस्वीर तरहसी प्रखंड में बन रहे बीपीएचयू लैब भवन निर्माण कार्य में देखने को मिल रही है। करीब 49 लाख 91 हजार रुपये की लागत से बन रहे इस भवन के निर्माण में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरते जाने का मामला सामने आया है।

पलामू जिले के तरहसी प्रखंड अंतर्गत राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय, तरहसी परिसर में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत बीपीएचयू (ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट) लैब भवन का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस भवन में आठ कमरों के अलावा शौचालय, बाथरूम और किचन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए संवेदक को 49 लाख 91 हजार रुपये का भुगतान किया जाना है। लेकिन निर्माण स्थल पर इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य में सीमेंटेड ईंट, बालू के स्थान पर स्टोन डस्ट, निम्न गुणवत्ता वाले सीमेंट और छड़ का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने की बात भी सामने आ रही है।
सबसे गंभीर बात यह है कि निम्न गुणवत्ता वाली सामग्री के इस्तेमाल से बेस लेवल से करीब चार फीट तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब निर्माण कार्य की शुरुआती अवस्था से ही सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो संबंधित विभाग और निगरानी करने वाले अधिकारी समय रहते इस पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लगा सके?
इस संबंध में जेएस कंस्ट्रक्शन के संवेदक संतोष कुमार सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि बालू गिराने के लिए स्थानीय ट्रैक्टर चालक को पैसे दिए गए हैं, लेकिन वह बालू नहीं ला पा रहा है। इसी कारण फिलहाल स्टोन डस्ट का उपयोग किया जा रहा है।

बॉक्स: जेई बोले- मना करने के बावजूद संवेदक कर रहे मनमानी, होगी जांच

पूरे मामले पर विभागीय कनीय अभियंता आनंद कुमार ने बताया कि संवेदक को लगातार स्टोन डस्ट और निम्न गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी जा रही है। इसके बावजूद संवेदक अपनी मनमानी करते हुए इन सामग्रियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। मामले की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि निर्माण कार्य की स्थलीय निगरानी की जिम्मेदारी भी जेई आनंद कुमार को ही सौंपी गई है। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर अनियमितता के आरोप सामने आना विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विभाग केवल जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर लेगा, या निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाएगी? यदि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो क्या पहले से किए गए निर्माण को हटाकर मानक के अनुरूप दोबारा काम कराया जाएगा?

करीब 50 लाख रुपये की सरकारी राशि से बनने वाले इस भवन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न केवल सरकारी राशि के दुरुपयोग है, बल्कि भविष्य में भवन की मजबूती और सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर सकता है। अब निगाहें विभागीय जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

रिपोर्टर - सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.