शहादत दिवस पर नीलांबर-पितांबरपुर में श्रद्धांजलि सभा, संघर्ष का लिया संकल्प
पितांबरपुर : को शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव एवं राम प्रसाद बिस्मिल की शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाई गई। प्रखंड के सौतम डबरा सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत एक मिनट के मौन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। सभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव कामरेड कमेश सिंह चेरो ने की। मुख्य अतिथि भाकपा माले झारखंड राज्य स्थायी कमेटी सदस्य सह अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड बीएन सिंह ने कहा कि 23 मार्च केवल श्रद्धांजलि का दिन नहीं, बल्कि संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में सामंती ताकतें और भू-माफिया गरीब किसानों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी कि वे अपने कृत्यों से बाज आएं, अन्यथा जनआंदोलन तेज किया जाएगा। जिला सचिव रविंद्र राम ने भी सामंती ताकतों के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाने की बात कही। साथ ही उन्होंने 28 मार्च को नीलांबर-पीतांबर की शहादत दिवस पर अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और 4 अप्रैल को मेदिनीनगर में प्रस्तावित प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : अवध किशोर
No Previous Comments found.