पंचायत चुनाव 2025: मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण में 40.19 लाख नए वोटर जुड़े, कुल संख्या 12.69 करोड़
पंचायत चुनाव 2025: मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण में 40.19 लाख नए वोटर जुड़े, कुल संख्या 12.69 करोड़
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 के लिए मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण के बाद राज्य में मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पुनरीक्षण के बाद कुल 40.19 लाख नए मतदाता सूची में जोड़े गए हैं, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12.69 करोड़ हो गई है। इससे पहले वर्ष 2021 में कुल मतदाता 12.29 करोड़ थे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राज प्रताप सिंह ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि नए मतदाताओं में लगभग 15 लाख ऐसे युवा हैं, जिनकी आयु 18 वर्ष है। वहीं 18 से 23 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की कुल संख्या 1.05 करोड़ तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि इस पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 1.41 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि पुनरीक्षण शुरू होने से पहले वर्ष 2021 की मतदाता सूची में शामिल सभी 12.29 करोड़ मतदाताओं को स्टेट वोटर नंबर (एसवीएन) आवंटित किया गया था। इसके बाद ईबीएलओ एप और गणना प्रपत्र के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया। जिन मतदाताओं के नाम एक से अधिक बार पाए गए, उन्हें सूची से विलोपित कर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एसवीएन प्रत्येक मतदाता को केवल एक बार ही जारी किया जाएगा। जो नाम सूची से हटाए गए हैं, उनके एसवीएन को फ्रीज कर दिया गया है और उन्हें किसी अन्य को आवंटित नहीं किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियों के लिए मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर को किया जाएगा, जबकि अंतिम प्रकाशन 6 फरवरी को होगा।

No Previous Comments found.