सुदूरवर्ती आदिवासी गांव में बेटी का जन्मदिन बन गया सामाजिक एकता का संदेश

पांकी : पांकी प्रखंड में सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए अनोखा पहल के तहत राजन साहू ने अपनी बेटी का जन्मदिन सुदूरवर्ती आदिवासी गांव लावाबार में मनाया। इस अवसर पर गांव के सैकड़ों लोग—बच्चे-बच्चियां, महिलाएं, पुरुष एवं युवा—एकत्रित हुए, जहां केक काटकर सभी के बीच जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों के बीच तिरंगा झंडा, पेंसिल, स्लेट, कॉपी और पेन का वितरण किया गया। वहीं युवाओं एवं बुजुर्ग पुरुषों को आदिवासी गमछा, हनुमान चालीसा तथा भगवा गमछा भेंट किया गया। महिलाओं को साड़ी दी गई, जबकि छोटे-छोटे बच्चों को कपड़े प्रदान किए गए। इसके साथ ही सभी को मिठाई खिलाई गई।आदिवासी परिवारों ने बच्ची को जन्मदिन पर खूब आशीर्वाद दिया और कहा कि वे आपसी बंटवारे और दूरी महसूस कर रहे थे, लेकिन इस आयोजन को देखकर उन्हें एकता और जुड़ाव का एहसास हुआ। पूरे आदिवासी परिवार के लिए सुरुचिपूर्ण सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई, जिसे लोगों ने प्रकृति से जुड़ाव दर्शाते हुए सखुआ के पत्तल में ग्रहण किया। इस अवसर पर बच्ची के पिता राजन साहू ने कहा कि आज लोग बड़े होटलों और स्टार सेलिब्रिटी के साथ जन्मदिन मनाते हैं, लेकिन उन्होंने उन परिवारों के बीच जन्मदिन मनाने का फैसला किया, जहां सामाजिक जुड़ाव और अपनापन कम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम सब एक ही समाज और जाति का हिस्सा हैं, इसी भावना के साथ यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संजीत सिंह खेरवार, रमेश खेरवार, मतोल खेरवार, शशिकांत यादव, अनिल यादव, मुनेश सिंह खेरवार, जमुना खेरवार, सूर्यदेव सिंह खेरवार, सोनू कुमार, सचिन सिंह खेरवार एवं धर्मदेव सिंह खेरवार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अमित शर्मा

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.