पांकी के गोगाड़ में सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
पांकी : पांकी प्रखंड के गोगाड़ गांव में रविवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा एक सब्जी विक्रेता पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोगाड़ गांव निवासी सब्जी विक्रेता अनिल कुमार सिंह रविवार की शाम लगभग 7 बजे आसेहार गांव से सब्जी बेचकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोगाड़ गांव से सटे एक सुनसान स्थान पर पहले से घात लगाए बैठे 10 से 12 अज्ञात अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके गर्दन, सिर, हाथ और पैरों पर दर्जनों गहरे जख्म आए हैं।
बताया जाता है कि घटना के दौरान उसी रास्ते से गुजर रहे गोगाड़ गांव निवासी मिथिलेश सिंह की बाइक की रोशनी पड़ते ही सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। नजदीक आने पर मिथिलेश सिंह की नजर सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल पड़े अनिल कुमार सिंह पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना घायल के परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल को तुरंत इलाज के लिए मेदिनीनगर ले जाया गया। फिलहाल उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के दूसरे दिन घायल युवक की पत्नी कविता देवी ने पांकी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और इस घटना से पूरा परिवार दहशत में है।
इस संबंध में पांकी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को मिल गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अमित शर्मा

No Previous Comments found.