राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सूड़ी भांग के 49 विद्यार्थियों को मिली साइकिल, शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह
पांकी (पलामू) : शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार की साइकिल वितरण योजना के तहत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सूड़ी भांग के 49 विद्यार्थियों के बीच साइकिल का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम पांकी के पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां कल्याण विभाग की ओर से कल्याण पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की। साइकिल पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में पहले की तुलना में काफी सुविधा होगी। दूर-दराज के गांवों से आने वाले बच्चों के लिए यह योजना विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने में भी आसानी होगी। कार्यक्रम के दौरान राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सूड़ी भांग के प्रधानाध्यापक बलवंत कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइकिल का सदुपयोग करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना और विद्यालय से जुड़ाव बढ़ाना है। प्रधानाध्यापक ने कहा कि कई विद्यार्थी ऐसे हैं जिन्हें प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर विद्यालय आना पड़ता है। ऐसे विद्यार्थियों के लिए साइकिल किसी वरदान से कम नहीं है। इससे उनकी उपस्थिति में सुधार होगा और पढ़ाई में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। कल्याण विभाग की ओर से वितरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। विद्यार्थियों का सत्यापन करने के बाद क्रमवार सभी पात्र बच्चों को साइकिल सौंपी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रिपोर्टर : अमित शर्मा
No Previous Comments found.