जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती

पन्ना : भगवान बिरसा मुण्डा ने अल्पायु में ही अपने महान कार्यों की बदौलत महापुरुष का दर्जा हासिल किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में देश की आजादी के आंदोलन में बड़ी भूमिका निभाई। जनजातीय समाज के व्यक्तियों को एकजुट कर समाज सुधार की मुहिम भी शुरू की। यह बात पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को पवई विकासखंड के ग्राम कल्दा में जनजातीय गौरव दिवस समारोह के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की हैसियत से कही।भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती 15 नवंबर को इस वर्ष भी विकासखंड मुख्यालयों सहित ग्राम पंचायत स्तर तक उत्साहपूर्वक मनाई गई।

पूर्व मंत्री श्री सिंह ने मुख्य समारोह में उपस्थितजनों को भगवान बिरसा मुण्डा जयंती की बधाई और शुभकामनाएं दीं और कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कल्दा में मुख्य समारोह का आयोजन सराहनीय पहल है। पहले विकास की मुख्य धारा से अछूता यह क्षेत्र अब तरक्की की ओर अग्रसर है। कल्दा और श्यामगिरी क्षेत्र में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। मुख्य अतिथि एवं पन्ना विधायक ने कहा कि झारखंड के खूंटी में जन्में बिरसा मुण्डा कुशाग्र बुद्धि के थे। मिशनरी स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने आदिवासी समाज के भाइयों के संघर्ष में सहयोग का बीड़ा उठाया और वापस अपने गांव लौटकर समाज के लोगों को कुरीतियों तथा भेदभाव समाप्त करने की दिशा में जागरूक किया। जल, जंगल और जमीन की देखभाल और संरक्षण के संकल्प के साथ जमींदारी प्रथा के विरोध में तथा समाज सुधार आंदोलन का भी नेतृत्व कर चेतना की अलख जगाई। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के लोगों के साथ भगवान बिरसा मुण्डा सर्वसमाज के लिए भी पूज्यनीय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुण्डा के जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की।  पन्ना विधायक ने उपस्थित जनजातीय समाज के जागरूक और शिक्षित लोगों से समाज के वंचित तबके की मदद तथा शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आगे आने का आह्वान भी किया। इस मौके पर बुंदेलखंड की महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ की सफलता का जिक्र भी किया और कहा कि एक बच्चे की सफलता से परिवार और समाज सहित देश व प्रदेश भी गौरवान्वित होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वर्तमान सरकार द्वारा हर वर्ग के कल्याण के लिए लाभकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इस माह से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की मासिक सहायता राशि बढ़ाकर 1500 रुपए प्रतिमाह की गई है। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास और आयुष्मान योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ सुविधाजनक तरीके से सीधे पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि अंतरण के जरिए मिल रहा है। पवई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पूर्व के विकास कार्यों सहित कल्दा-शाहनगर तथा पिपरियादौन-मैहर के प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य की जानकारी भी दी। साथ ही बिजली आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सहित भविष्य में कल्दा को नवीन तहसील बनाने के संबंध में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इसके अलावा क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के विस्तार के संबंध में भी अवगत कराया।
स्थानीय विधायक प्रहलाद लोधी ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा सहित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के एक साथ आयोजन से देश गौरवान्वित है। विधायक ने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। निरंतर जनहितैषी कार्यों से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। आदिवासी समुदाय के विकास व उत्थान सहित शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के बारे में अवगत कराया तथा नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान किया। व्यसन और नशामुक्ति के लिए अन्य व्यक्तियों को भी प्रेरित करने की बात कही। पवई विधायक ने कल्दा में भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की।
जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र कल्दा में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन क्षेत्रीयजनों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने संसाधनों के बेहतर उपयोग से विकास के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत बताई और रोजगारपरक एवं आजीविका गतिविधियों के माध्यम से मुर्गीपालन सहित अन्य स्वरोजगार से भी आदिवासी समुदाय के सशक्तिकरण का आह्वान किया। जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहिनी मिश्रा ने कहा कि सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से सामाजिक बदलाव के साथ नागरिकों के जीवन में खुशहाली आई है। भगवान बिरसा मुण्डा ने जनजातीय समाज के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। अध्यक्ष ने धरती आबा शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं के मिले लाभ के बारे में जानकारी दी तथा उपस्थितजनों को स्वयं जागरुक रहकर भी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया। उपस्थित ग्रामीणजनों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील भी की। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने शैला नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। डिंडौरी से आए कलाकारों के दल द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बिरसा मुण्डा पर केन्द्रित लघु नृत्य नाटिका का प्रदर्शन भी किया गया। छात्रा सुषमा सिंह एवं रागिनी सिंह ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में जनजातीय वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों तथा अन्य क्षेत्र में सफल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी कार्यक्रम स्थल पर दिखाया गया। जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा सहित कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, जिला संयोजक जय प्रताप भदौरिया, जिला शिक्षा अधिकारी रविप्रकाश खरे, तहसीलदार त्रिलोक सिंह पूषाम एवं जनपद पंचायत सीईओ अखिलेश उपाध्याय और अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार ने किया, जबकि जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्टर : रफ़ी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.