पेंशन प्रक्रिया परिवर्तन के संबंध में हुआ दो दिवसीय प्रशिक्षण

पन्ना : कलेक्टर ऊषा परमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला स्तर पर शासकीय सेवकों के पेंशन प्रक्रिया परिवर्तन संबंधी दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण विभागवार ई-दक्ष केन्द्र एवं कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संचालनालय पेंशन, भविष्य निधि एवं बीमा के निर्देशानुसार भोपाल में राज्य केन्द्रीयकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल के गठन तथा भविष्य में इसके माध्यम से सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरणों के निराकरण तथा कार्य संपादन संबंधी जानकारी दी गई। दो दिवसीय प्रशिक्षण में समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों सहित पेंशन व स्थापना संबंधी कार्य संपादित करने वाले शासकीय सेवकों को जिला पेंशन अधिकारी ओ.पी. गुप्ता एवं लेखाधिकारी जिला पंचायत आर.पी. प्रजापति द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षणार्थियों के प्रश्नों व शंकाओं का समाधान भी किया। प्रशिक्षण में अवगत कराया गया कि शीघ्र ही समाधान केन्द्र सहित टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा। यह व्यवस्था आगामी एक अप्रैल से आरंभ होगी। पेंशनर अपनी समस्या के निराकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।

रिपोर्टर : रफ़ी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.