सिद्ध हनुमान भाटा एवं कलेही मां के विकास को लेकर जनपद अध्यक्ष मोहिनी आनंद मिश्रा की बुलंद पहल

पवई - पन्ना जिले की तहसील पवई में स्थित आस्था का प्रमुख केंद्र सिद्ध श्री हनुमान भाटा एवं कलेही देवी जी इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस स्थल के विकास को लेकर अब जनपद पंचायत पवई की अध्यक्ष मोहिनी आनंद मिश्रा ने खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने क्षेत्र में संचालित जेके सीमेंट फैक्ट्री, देवरा से स्पष्ट और सशक्त शब्दों में अपील करते हुए कहा है कि कंपनी अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) का निर्वहन करते हुए यहां आवश्यक जनसुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराए जनपद अध्यक्ष मोहिनी आनंद मिश्रा ने कहा कि जेके सीमेंट फैक्ट्री पिछले लगभग 10 वर्षों से पवई जनपद क्षेत्र में कार्य कर रही है और यहां के संसाधनों एवं परिवेश से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रही है। ऐसे में यह कंपनी की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी बनती है कि वह स्थानीय जनता की जरूरतों को समझे और क्षेत्र के धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।

उन्होंने विशेष रूप से सिद्ध हनुमान भाटा में आने वाले श्रद्धालुओं,वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि यहां वर्तमान में छाया की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को भीषण गर्मी और बारिश के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि यहां मजबूत शेड (छाया) का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने आमजन के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हेतु वाटर कूलर स्थापित करने, रात्रि के समय सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइट) उपलब्ध कराने तथा दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैठने एवं रुकने की उचित व्यवस्था विकसित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
मोहिनी आनंद मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह केवल एक औपचारिक अनुरोध नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा एक गंभीर विषय है। यदि कंपनी इस दिशा में पहल करती है, तो इससे न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि कंपनी की सामाजिक छवि भी सुदृढ़ होगी और वह एक जिम्मेदार संस्था के रूप में सामने आएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि आवश्यक हुआ तो इस मुद्दे को और व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को उनका अधिकार मिल सके और सिद्ध स्थल का समुचित विकास सुनिश्चित हो। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी जनपद अध्यक्ष की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि सिद्ध हनुमान भाटा क्षेत्र में सालभर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही है। ऐसे में यदि जेके सीमेंट फैक्ट्री आगे आकर सहयोग करती है, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम होगा। अब सभी की निगाहें कंपनी प्रबंधन पर टिकी हैं कि वह इस जनहित के मुद्दे पर कितनी संवेदनशीलता दिखाते हुए कब तक ठोस कार्रवाई करता।
 

संवाददाता - सुरेश कुमार द्विवेदी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.