पवई विकास खंड के सभी विद्यालयों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रवेश उत्सव

पन्ना - पवई विकासखंड में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर “स्कूल चलें हम अभियान” के अंतर्गत सभी विद्यालयों में प्रवेश उत्सव बड़े ही उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विकासखंड के सभी 13 जन शिक्षा केन्द्रों के अंतर्गत संचालित 369 विद्यालयों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया। विकासखंड स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवई में प्राचार्य श्री रामचरण गुप्ता के कुशल संयोजन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष श्रीमती मोहनी आनंद मिश्रा, जनपद उपाध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह, बीईओ हुकम सिंह यादव एवं मंडल अध्यक्ष सुश्री निधि पटेरिया ने सरस्वती पूजा एवं दीप प्रज्वलन से किया। इसके उपरांत मंचासीन अतिथियों का स्वागत चंदन एवं पुष्पहार से किया गया। विद्यालय की बालिकाओं द्वारा गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुति की गई। 

इसके उपरांत प्रवेश उत्सव पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक एवं पुष्पमाला से आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे विद्यालय में उनके प्रति अपनत्व और उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ। कार्यक्रम में विकासखंड अकादमिक समन्वयक रघुवीर तिवारी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं- जैसे नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल योजना, छात्रवृत्ति , गणवेश, मध्याह्न भोजन एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शाला से बाहर बच्चों के अधिकाधिक नामांकन के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि श्रीमती मोहिनी मिश्रा ने अपने उद्बोधन में शिक्षा को जीवन की सफलता का आधार बताते हुए सभी से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। साथ ही, उन्होंने विद्यालयों के सर्वांगीण विकास हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री हुकुम सिंह यादव द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। संचालन शिक्षक हरिशंकर खटीक ने प्रभावी ढंग से किया। इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष गौतम, बीएसी श्रीकांत पटेल, एससी-एसटी संगठन के जिला अध्यक्ष जमुना खटीक, मंडल महामंत्री प्रतीक ताम्रकार, मंडल उपाध्यक्ष मंकू श्रीवास्तव, मकुंदी लाल चौरसिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

संवाददाता - सुरेश कुमार द्विवेदी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.