पवई में गरिमामय माहौल में मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती
पवई : पवई जनपद पंचायत पवई के सभागार कक्ष में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष मोहिनी आनंद मिश्रा रहीं। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष बसंत दहायत, जनपद पंचायत सीईओ अखिलेश उपाध्याय, पवई श्रीमती एसडीओपी भावना सिंह दागी, श्रीमती रत्न राशि तहसीलदार पवई सहित जनपद पंचायत के कर्मचारी, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष बसंत दहायत ने अपने संबोधन में कहा कि नगर के एक वार्ड में अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोग निवास करते हैं, जहां सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए कोई उपयुक्त भवन उपलब्ध नहीं है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि उक्त क्षेत्र में एक मंगल भवन के निर्माण की मंजूरी प्रदान की जाए और शीघ्र इसकी स्वीकृति दिलाई जाए, ताकि स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि संबंधित वार्ड महेडा वार्ड के समीप स्थित है, जिसे परिसीमन के माध्यम से पवई नगर परिषद में शामिल किया जाना आवश्यक है, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार द्विवेदी


No Previous Comments found.