अंबेडकर जयंती पर किसानों के लिए बड़ा अभियान पवई से सदस्यता ड्राइव की शुरुआत 0% ब्याज रेट का लाभ
पन्ना : डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर पवई की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि शाखा समिति में किसान सदस्यता महाअभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। यह अभियान मध्य प्रदेश शासन द्वारा घोषित कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई कार्यक्रम में जिला स्तर से आए वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित श्रीवास्तव, प्रशासक विष्णु दीक्षित एवं शाखा प्रबंधक सुरेंद्र द्विवेदी ने किसानों को संबोधित करते हुए योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि अब किसानों को 0% ब्याज पर कृषि ऋण, कृषि आदान के साथ-साथ ट्रैक्टर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने खाद वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि अब ऑनलाइन पंजीकरण के बाद ही खाद वितरण होगा। साथ ही, प्रत्येक खाद खरीदी पर किसानों को ₹50,000 तक का बीमा लाभ भी मिलेगा, जिससे किसानों को अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी।
प्रशासक विष्णु दीक्षित ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। वहीं, शाखा प्रबंधक सुरेंद्र द्विवेदी ने प्रभावी मंच संचालन करते हुए गैर-सदस्यों को समिति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया कार्यक्रम के दौरान ही 15 से 20 नए किसानों ने सदस्यता ग्रहण की, जिससे अभियान की शुरुआत उत्साहजनक रही। यह महाअभियान 14 अप्रैल से 15 मई 2026 तक जिले भर में चलाया जाएगा। प्रत्येक समिति को 500 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है, जबकि पूरे जिले में 33,000 किसानों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है इस अवसर पर क्षेत्र के कृषक सुरेश कुमार द्विवेदी पत्रकार सी न्यूज पुष्पेंद्र पटेल, रामप्रसाद बागरी, जमुना खटीक, राममोहन बागरी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। साथ ही समिति प्रबंधक बहादुर सिंह, सहायक प्रबंधक अरुण पटेल एवं अन्य कर्मचारी रहे मौजूद।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार द्विवेदी


No Previous Comments found.