जनगणना प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर प्राथमिक शिक्षक मनोज कुमार खम्परिया निलंबित

पन्ना - कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ऊषा परमार ने तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी तहसील पवई के प्रतिवेदन पर पवई विकासखंड की माध्यमिक शाला पटनाकला के प्राथमिक शिक्षक मनोज कुमार खम्परिया को जनगणना प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय शाहनगर निर्धारित किया गया है। इस दौरान इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
विदित हो कि प्राथमिक शिक्षक को जनगणना कार्य के दृष्टिगत प्रगणक का दायित्व सौंपा गया था। गत 15 अप्रैल से आयोजित प्रशिक्षण के प्रथम दिवस शिक्षक द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण केन्द्र में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई। व्यक्तिगत नंबर पर कई बार संपर्क करने पर फोन भी रिसीव नहीं किया गया और न ही रिटर्न कॉल की गई। प्रमुख जनगणना अधिकारी द्वारा प्राथमिक शिक्षक का कृत्य शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता एवं घोर लापरवाही का द्योतक पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

रिपोर्टर - सुरेश कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.