पवई विद्युत वितरण केंद्र पवई में सीनियर लाइनमैन रामपाल बागरी को दी गई भावभीनी विदाई
पवई : पन्ना जिले के पवई स्थित मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड पवई के वितरण केंद्र में आज दिनांक 30 अप्रैल 2026 को एक भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीनियर लाइनमैन रामपाल बागरी को 36 वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं के उपरांत सेवानिवृत्ति पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
रामपाल बागरी ने अपने लंबे सेवा काल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन का परिचय देते हुए विभाग में एक अलग पहचान बनाई। विशेष बात यह रही कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल के दौरान न केवल उपभोक्ताओं के बीच सकारात्मक छवि बनाए रखी, बल्कि सहकर्मियों और अधिकारियों के साथ भी सदैव सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा। एक लाइनमैन के रूप में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने के बावजूद उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ किया।
इस कार्यक्रम में इन लोगों ने अपनी सहभागिता निभाई
कार्यक्रम में सहायक अभियंता हेमंत कुमार माहौर, कनिष्ठ अभियंता सतीश कुमार सैनी, सहायक कार्यालय अधीक्षक रामजी कुशवाहा, टेस्टिंग असिस्टेंट सत्यम सोनी सहित विभाग के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा लाइन स्टाफ और अन्य सहयोगियों—विजय कुमार अहिरवार, रामाधार पाठक, अजीज खान, प्रदीप सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, आशिक मोहम्मद, मुकेश नामदेव, अनुराग पाठक, हरिशंकर चौधरी, पुष्पेंद्र पाठक, मुन्नीलाल वर्मा सहित समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम में भाग लिया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने रामपाल बागड़ी के कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्पण और व्यवहार कुशलता को याद किया। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विदाई के इस मौके पर माहौल भावुक हो गया और सभी ने नम आंखों से उन्हें विदा किया।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार द्विवेदी


No Previous Comments found.