पति की लंबी आयु के लिए सुहागिन महिलाओं ने किया वट सावित्री व्रत पूजन
पन्ना : ज्येष्ठ मास की अमावस्या के पावन अवसर पर क्षेत्रभर की सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ श्रद्धा एवं विधि-विधान से वट सावित्री व्रत का पूजन किया। सुबह से ही मंदिरों एवं वट वृक्षों (बरगद) के पास महिलाओं की भीड़ देखने को मिली, जहां महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा लगाते हुए कच्चा धागा बांधा और माता सावित्री एवं सत्यवान की कथा का श्रवण किया। पूजा के दौरान पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से महिलाओं ने भजन-कीर्तन भी किए, जिससे माहौल भक्तिमय बना रहा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने पतिव्रता धर्म, तप और संकल्प शक्ति से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। तभी से यह व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु का प्रतीक माना जाता है।
व्रत के दौरान महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए भगवान से आशीर्वाद मांगा। गांव और शहरों में जगह-जगह वट वृक्ष के नीचे धार्मिक आयोजन एवं कथा कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल देखने को मिला।
रिपोर्टर : रफ़ी सिद्दीकी

No Previous Comments found.