भीषण गर्मी में बिजली कटौती बनी मुसीबत, मेंटिनेंस के नाम पर घंटों बंद रहती है सप्लाई
पन्ना : एक ओर आसमान से आग बरस रही है, तेज धूप और भीषण गर्मी के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं दूसरी ओर सिमरिया पावर हाउस क्षेत्र में मेंटिनेंस और फाल्ट सुधार के नाम पर की जा रही लगातार बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कनिष्ठ अभियंता के आदेश पर दो-दो घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रखी जा रही है, जिससे आमजन को भीषण गर्मी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बंद होने से घरों में पंखे और कूलर ठप हो जाते हैं, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मेंटिनेंस कार्य करना ही है तो इसे सुबह या शाम के समय किया जाना चाहिए, ताकि तेज धूप और लू के बीच लोगों को राहत मिल सके। साथ ही विभाग के प्राइवेट छोटे कर्मचारी भी इस तपती धूप में अपनी जान जोखिम में डालकर पेट्रोलिंग और फाल्ट सुधार कार्य करने को मजबूर हैं।
बताया जा रहा है कि कई कर्मचारी मात्र 8 से 10 हजार रुपये के वेतन पर कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। ऐसे में अगर भीषण गर्मी के बीच किसी कर्मचारी की तबीयत बिगड़ती है या कोई बड़ा हादसा हो जाता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। क्षेत्रीय लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए और मेंटिनेंस कार्य के लिए उपयुक्त समय तय किया जाए, ताकि जनता और कर्मचारियों दोनों को राहत मिल सके।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार द्विवेदी
No Previous Comments found.