वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया श्रम विभाग, पवई में दीपक फुटवियर दुकान पर दी दबिश

पन्ना - जिले की पवई तहसील में बाल श्रम की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद श्रम विभाग की टीम ने दीपक फुटवियर दुकान पर पहुंचकर निरीक्षण एवं सर्वे किया। जांच के दौरान वर्तमान में कोई नाबालिग बच्चा कार्य करते हुए नहीं पाया गया, लेकिन पूर्व में बच्चों से काम कराए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने आवश्यक कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले एक पत्रकार ने दीपक फुटवियर दुकान पर नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक की गाड़ी से सामान उतारते हुए वीडियो बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और इसी के संदर्भ में आज श्रम विभाग की अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी तथा जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित बालकों को बुलाकर उनके नाम दर्ज किए और आवश्यक पत्राचार की प्रक्रिया पूरी की। साथ ही बीआरसी अधिकारी पवई को भी मौके पर बुलाया गया और निर्देश दिए गए कि संबंधित बच्चों का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि वे शिक्षा से जुड़ सकें और बाल श्रम से दूर रह सकें।
मौके पर मौजूद पत्रकारों ने श्रम विभाग की अधिकारी से सवाल किया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभी भी कई स्थानों पर बाल श्रमिक कार्य करते दिखाई देते हैं, लेकिन विभाग द्वारा नियमित सर्वे और व्यापक कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। इस पर अधिकारी ने कहा कि विभाग को जहां भी शिकायतें प्राप्त होती हैं या जानकारी मिलती है, वहां जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि बाल श्रम उन्मूलन के लिए समय-समय पर अभियान और निरीक्षण भी संचालित किए जाते हैं।
श्रम विभाग ने दीपक फुटवियर संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में उनके प्रतिष्ठान पर कोई भी नाबालिग बच्चा श्रमिक के रूप में कार्य करता हुआ नहीं मिलना चाहिए। यदि आगे बाल श्रम का मामला सामने आता है तो संबंधित प्रावधानों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के बाद विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई एवं पंचनामा तैयार कर प्रक्रिया पूरी की। श्रम विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना दें, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

संवाददाता - सुरेश कुमार द्विवेदी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.