पन्ना विधायक ने मेधावी विद्यार्थियों को वितरित की स्कूटी
पन्ना : पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अंतर्गत स्थानीय टाउन हॉल में शासकीय उ.मा. विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी का वितरण किया। इस योजना में प्रत्येक शासकीय शाला में 70 प्रतिशत एवं अधिक अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक छात्र एवं एक छात्रा को स्कूटी प्रदान की जाती है। पेट्रोल स्कूटी के लिए 90 हजार रुपए एवं इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए एक लाख 20 हजार रुपए प्रदान करने का प्रावधान है। पन्ना जिले के कल्दा एवं बनौली विद्यालय को छोड़कर 58 स्कूलों के 112 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इसका लाभ मिला। मुख्य अतिथि एवं स्थानीय विधायक ने इस अवसर पर प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रत्येक विद्यार्थी व अभिभावक के लिए गर्व का पल है। बच्चों के सम्मान से परिवार कीप्रतिष्ठा भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि स्कूटी मिलने से उच्च शिक्षा की राह आसान होगी। वास्तव में किसी भी सम्मान को हासिल करने के लिए काबिल बनना भी जरूरी है। उन्होंने उपस्थित छात्र छात्राओं को बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए सजक और जागरूक रहने की नसीहत दी। साथ ही कहा कि सम्मान को सदैव स्थायी बनाए रखने का प्रयास करें और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। बच्चों की सफलता में माता पिता और अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार द्वारा विद्यार्थियों के हित में कई योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम जरूरी है। सभी बच्चे अपने जीवन को उत्कृष्टता पर लेकर जाएं व संतुलित जीवन जिएं। राष्ट्र के प्रति सम्मान का भाव भी रखें। नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडेय ने कहा कि सरकार ने बच्चों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। इस तरह के कार्यक्रम से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव ने बच्चों को लक्ष्य बनाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने और कैरियर निर्माण की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए गुरुजनों का मार्गदर्शन भी अत्यंत आवश्यक है। नगर पालिका उपाध्यक्ष आशा गुप्ता ने स्कूटी वितरण कार्यक्रम की सराहना कर शेष अन्य बच्चों से भी सार्थक प्रयास करने की अपील की। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी अजय गुप्ता ने बताया कि प्रतिवर्ष प्रतिभा सम्मान और शिक्षा प्रोत्साहन के उद्देश्य से स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में आज प्रतीकस्वरूप प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी सौंपी गई। शेष पात्र बच्चों के बैंक खातों में भी राशि का भुगतान किया जा चुका है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
रिपोर्टर : रफ़ी सिद्दीकी
No Previous Comments found.