हेलमेट और सीट बेल्ट का पालन करें, सड़क दुर्घटनाएं रोकना सभी की जिम्मेदारीहै। पुलिस अधिक्षक पंकज कुमावत

परभणी : परभणी जिले में बढ़ती दूर्घटनाओं पर परभणी जिल्हा के पुलिस अधिक्षक की अपील, यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई परभणी जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत ने जिले के सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। जिला यातायात शाखा द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दावित्य है। यदि सभी वाहन चालक हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। प्रेस नोट के अनुसार वर्ष 2025 में परभणी जिले में 520 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिनमें 344 लोगों की मौत हुई। वहीं वर्ष 2026 में जुलाई माह तक 329 सड़क दुर्घटनाओं में 170 लोगों की मूत्यु हो चुकी है। इन दुर्घटनाओं के विश्लेषण से यह सामने आया है कि अधिकांश हादसे बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हो रहे हैं।

उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रहेगा तथा चारपहिया वाहन चालकों और आगे बैठने वाले यात्रियों को सीट बेल्ट लगाना आवश्यक होगा। तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने तथा अन्य गंभीर उल्लंघनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सीट बेल्ट लगाएं और किसी भी परिस्थिति में शराब के नशे में वाहन न चलाएं। पुलिस विभाग का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन सुरक्षित रखना है। नियमों का पालन कर हर व्यक्ति स्वयं के साथ-साथ दूसरों की भी जान बचा सकता है।

बिना हेलमेट प्रवेश नहीं
प्रेस नोट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करेंगे और बिना हेलमेट किसी भी व्यक्ति को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो उसके विरूद्ध ई-चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित विभागीय स्तर पर भी इसकी गंभीरता से समीक्षा की जाएगी।

सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाएं
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज को सुरक्षित रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
इस दौरान वाहन चलाते समय लापरवाही न बरतें, मोबाइल का उपयोग न करें तथा पैदल यात्रियों को भी प्राथमिकता दें। छोटी सी लापरवाही किसी परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ सकती है।
एसपी ने कहा कि सभी शासकीय, अशासकीय संस्था, शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठनों, उद्योग-व्यापारी वर्ग तथा आम नागरिक यातायात नियमों के पालन के लिए आगे आएं। सुरक्षित परभणी के निर्माण के लिए यह सामूहिक जिम्मेदारी है।

रिपोर्टर : शांतीलाल शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.