मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: नेमावर में लगा शिविर, सीईओ जिला पंचायत धुर्वे और अपर कलेक्टर जैन ने सुनी समस्याएं

देवास : नेमवार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा ग्रामीण अंचल में उद्योग व स्वरोजगार को नई दिशा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को खातेगांव विकासखंड के ग्राम नेमावर में ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के अंतर्गत एक भव्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत  नवीत कुमार धुर्वे एवं अपर कलेक्टर संजीव जैन ने पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा मौके पर ही उनका त्वरित निराकरण किया। ​उद्यमियाें और स्व-सहायता समूहाें से सीधा संवाद ('उद्योग संवाद') शिविर के दौरान सीईओ जिला पंचायत  धुर्वे और अपर कलेक्टर  जैन की विशेष उपस्थिति में 'उद्योग संवाद' का आयोजन किया गया।

​इस दौरान जिला पंचायत सीईओ  नवीत कुमार धुर्वे ने संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशानुरूप हम सबका यही साझा प्रयास है कि हमारी स्वयं सहायता समूहों की 'लखपति दीदियां' ज्यादा से ज्यादा आगे बढ़ें, नए क्षेत्रों में नवाचार करें और आर्थिक रूप से पूरी तरह सशक्त बनें। उन्होंने बताया कि 'उद्योग संवाद' जैसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और उन्हें वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन व स्वरोजगार से जोड़ना है।
​संवाद सत्र के दौरान स्थानीय स्तर पर निवेश को प्रोत्साहन देने, स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार तथा कुटीर व लघु उद्योगों के संचालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों के समाधान पर गहन विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा संचालित स्वरोजगार गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) और जैविक खेती से जुड़े व्यवसायों को शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
​इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने अपनी आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनके आत्मविश्वास में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और वे आर्थिक रूप से संबल होकर अपने परिवार का मजबूत आधार बनी हैं। स्थानीय उद्यमियों ने भी शासन से मिले सहयोग और अपने बढ़ते व्यवसाय के अनुभवों को उपस्थित जनसमूह के साथ साझा किया।
​₹53.41 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित
​स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यवसाय के विस्तार को संबल प्रदान करने के लिए शिविर में विभिन्न बैंकों द्वारा 15 पात्र हितग्राहियों को कुल 53 लाख 41 हजार रुपए के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए:
​बैंक ऑफ इंडिया: विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत 10 हितग्राहियों को कुल ₹45.41 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
​मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक: विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 05 हितग्राहियों को कुल ₹8 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
​गरिमामयी उपस्थिति
​शिविर एवं उद्योग संवाद कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सौम्या जैन, एसडीएम खातेगांव  राजेंद्र पवार, डिप्टी कलेक्टर  संजीव सक्सेना, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, उद्यमी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.