पटना में RJD का राजभवन मार्च, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता! तेजस्वी यादव हिरासत में

पटना की सड़कों पर आज संग्राम छिड़ गया! RJD के राजभवन मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस और राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। बिहार में बेरोजगारी, पेपर लीक, BPSC परीक्षा के नियमों और सीवान में छात्रों पर AK-47 से हुई कथित फायरिंग के विरोध में तेजस्वी यादव की अगुवाई में गांधी मैदान से निकला यह मार्च जैसे ही डाकबंगला चौराहे पर पहुंचा, माहौल बेकाबू हो गया। 

RJD कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि यह सब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इशारे पर किया जा रहा है, लेकिन सरकार की इस दमनकारी कार्रवाई से जनता और विपक्ष डरने वाला नहीं है। 

आपको बता दें इस प्रदर्शन में RJD के कार्यकर्ता सांकेतिक रूप से AK-47 के कटआउट और डमी हथियार लेकर पहुंचे थे। मार्च में शामिल हुईं RJD सांसद मीसा भारती ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि छात्रों के खिलाफ AK-47 का इस्तेमाल हुआ। मीसा भारती ने सवाल उठाया कि छात्रों पर AK-47 चलाने की अनुमति किसने दी? अगर जिला प्रशासन या डीएम ने इसकी इजाजत दी थी, तो उन्हें तुरंत निलंबित किया जाना चाहिए। वहीं दूसरी तरफ, पटना में अभ्यर्थी छात्र न्याय सत्याग्रह पर डटे हुए हैं। हालांकि सरकार ने BPSC के लिए 32,388 पदों का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसके आवेदन 1 सितंबर से 30 सितंबर तक होने हैं, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े हैं। 

अभ्यर्थी प्रीलिम्स और मेंस की व्यवस्था और निगेटिव मार्किंग का विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि केवल एक ही परीक्षा हो और नए प्रयोग अगली परीक्षा में लागू किए जाएं। वहीं प्रदर्शन और राजभवन मार्च को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पटना जंक्शन और रेलवे स्टेशन से डाकबंगला चौराहे की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है और आम लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। 

देखा जाए तो तो पटना की सड़कों पर आज का ये प्रदर्शन सिर्फ एक राजनीतिक मार्च बनकर नहीं रह गया... बल्कि बेरोजगारी, पेपर लीक, BPSC परीक्षा के नियमों और छात्रों पर कथित कार्रवाई को लेकर सियासी टकराव का बड़ा केंद्र बन गया। अब इस पूरे विवाद में एक तरफ सड़क पर विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन है, दूसरी तरफ परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों का आंदोलन... और बीच में सरकार पर उठते गंभीर सवाल। फिलहाल पटना की सड़कों पर सियासत भी गर्म है और छात्रों का गुस्सा भी...अब देखना होगा कि सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच ये टकराव बातचीत से खत्म होता है या आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा रूप लेता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.