पवई विधायक ने पूर्ण की स्वगणना प्रक्रिया

पवई : जनगणना 2027 कार्यक्रम के तहत प्रथम चरण में आगामी एक मई से मकान सूचीकरण एवं आवास गणना कार्य आरंभ होने के पूर्व नागरिकों को पोर्टल पर ऑनलाइन स्वगणना की अतिरिक्त सुविधा प्रदान की गई है। कोई भी नागरिक इस सुविधा का लाभ उठाकर प्रगणक के घर-घर संपर्क कार्यक्रम सेे पहले ही स्वगणना पूर्ण कर सकता है। जनप्रतिनिधियों सहित लोकसेवकों एवं ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र के लोगों द्वारा इस सुविधा का लाभ उठाया जा रहा है।

मंगलवार को पवई विधायक प्रहलाद लोधी द्वारा भी स्वयं के मोबाइल फोन से स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। जनसामान्य के लिए आगामी 30 अप्रैल तक स्वगणना का विकल्प उपलब्ध रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा भी स्वगणना की ऑनलाइन प्रक्रिया में एसई पोर्टल के जरिए नागरिकों से परिवार की जानकारी भरने का आग्रह किया गया है। स्वगणना से गोपनीयता सुनिश्चित होने के साथ ही जनगणना प्रक्रिया तेज व कुशल बन सकेगी। नागरिकों द्वारा लॉगिन कर अपनी सुविधानुसार जानकारी भरी जा सकती है। किसी भी प्रकार की समस्या के निराकरण के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 भी उपलब्ध है।

रिपोर्टर : सुरेश कुमार द्विवेदी  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.