पवई थाना परिसर में पहली बार निशुल्क प्याऊ की व्यवस्था, समाजसेवी सुशील कुमार अहिरवार की पहल की सराहना
पवई - भीषण गर्मी के इस दौर नगर निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के खोफ से जहां एक ओर पुलिस की सख्ती से अपराधियों के हौसले पस्त हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पवई पुलिस मानवता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही है। थाना परिसर में थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार व प्रधान आरक्षक अनिल कुमार गर्ग आनंद मोहिनी मिश्रा व समस्त स्टाफ की पहल पर निशुल्क प्याऊ की व्यवस्था शुरू की गई है, जो इन दिनों आमजन के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। गौरतलब है कि पवई थाना परिसर के ठीक सामने बस स्टैंड स्थित है, जिसके कारण यहां सुबह से लेकर देर शाम तक यात्रियों और राहगीरों की भारी भीड़ बनी रहती है।ग्रामीण अंचलों से आने वाले लोग, दूर-दराज के यात्री, दैनिक यात्री एवं बाजार आने-जाने वाले नागरिक बड़ी संख्या में इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में गर्मी के कारण सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी की होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पवई पुलिस द्वारा की गई यह पहल लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब बस स्टैंड पर इंतजार कर रहे यात्री हों या थाने में अपनी समस्या लेकर आने वाले फरियादी—सभी को आसानी से शीतल जल उपलब्ध हो रहा है। पहले जहां लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था, वहीं अब वे सीधे थाना परिसर पहुंचकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। इस व्यवस्था से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी राहत मिल रही है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच यह प्याऊ न केवल लोगों की प्यास बुझा रहा है, बल्कि उन्हें राहत का अहसास भी करा रहा है। थाने में आने वाले फरियादी पहले पानी पीकर खुद को तरोताजा महसूस करते हैं, जिससे वे अपनी समस्या भी सहजता से रख पाते हैं। इस तरह यह पहल अप्रत्यक्ष रूप से पुलिस कार्य में भी सहायक साबित हो रही है। थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने बताया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। पुलिस यदि जनता के सुख-दुख में सहभागी बने, तो इससे आपसी विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती है। इसी सोच के साथ यह निशुल्क प्याऊ शुरू किया गया है, ताकि गर्मी के मौसम में आमजन को राहत मिल सके और पुलिस की सकारात्मक छवि भी समाज के सामने आए। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने पवई पुलिस की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की है। उनका कहना है कि अक्सर पुलिस की छवि सख्त मानी जाती है, लेकिन इस तरह के कार्य यह साबित करते हैं कि पुलिस संवेदनशील और जनहितैषी भी है। यह पहल न केवल प्यास बुझाने का कार्य कर रही है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर को भी और मजबूत बना रही है। इस तरह पवई पुलिस एक ओर जहां कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए हुए है, वहीं दूसरी ओर समाज सेवा के माध्यम से मानवीय मूल्यों को भी जीवंत कर रही है, जो निश्चित रूप से अनुकरणीय है।
संवाददाता - सुरेश कुमार द्विवेदी


No Previous Comments found.