पवई में अतिक्रमण और पार्किंग न होने से आम जनता जनार्दन को बढ रही परेशानी
पवई - नगर के करही चौराहा प्राइमरी त्रिगड्डा बस स्टैंड झंडा बाजार क्षेत्र में इन दिनों पार्किंग न होने और अतिक्रमण की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है।हर प्रकार के वाहन दुकानों के ठीक सामने सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही किसी समय बड़े वाहन—जैसे ट्रक या बस—इस मार्ग से गुजरते हैं, सड़क तुरंत जाम की स्थिति में पहुंच जाती है। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।
समस्या की एक बड़ी वजह यह भी है कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सड़क तक बढ़ा लिया है, जिससे पहले से ही संकरी सड़क और अधिक संकीर्ण हो गई है। परिणामस्वरूप राहगीरों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस समस्या को लेकर समय-समय पर प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने, नो-पार्किंग जोन घोषित करने और नियमित यातायात व्यवस्था लागू करने जैसे कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
संवाददाता - सुरेश कुमार द्विवेदी

No Previous Comments found.