सांप के काटने से युवक की मौत, इलाज में देरी बनी कारण, परिवार में मचा कोहराम

पवई : पन्ना जिले की तहसील पवई अंतर्गत ग्राम पंचायत गणनेशगंज में सांप के काटने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हक्काई सेन पिता रामाधीन सेन उम्र लगभग 40 वर्ष निवासी ग्राम गणेशगंज रात में परिवार के साथ सोए हुए थे, तभी बुधवार सुबह लगभग 5 बजे जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि पन्ना ले जाने के बजाय परिजन एवं साथ के लोग रास्ते में झाड़-फूंक करवाते रहे, जिससे इलाज में काफी देरी हो गई।
लगभग दोपहर बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और शाम करीब 3 बजे उन्हें वापस पवई स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा कार्यवाही की। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मृतक अपने परिवार के मुखिया थे। उनके असमय निधन से पत्नी, बच्चों एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर फैल गई है।

संवाददाता : सुरेश कुमार द्विवेदी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.