छह सूत्रीय मांगों को लेकर नगर परिषद पवई के सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

पवई : नगर परिषद पवई में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। भारतीय सफाई मजदूर संघ मध्य प्रदेश इकाई नगर परिषद पवई के बैनर तले बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं और कई बार अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

सफाई कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों में समस्त सफाई कर्मचारियों की बकाया ईपीएफओ राशि खातों में जमा कराने, सभी सफाई कर्मचारियों की फाइल तैयार करने, जिन सफाई कर्मचारियों की सेवा अवधि 10 वर्ष से अधिक हो चुकी है, उनके वेतन में 1500 रुपये की वृद्धि करने, सेवा से हटाए गए छह कर्मचारियों को पुनः बहाल करने की मांग रखी है।

इसके अलावा कर्मचारियों का कहना है कि सफाई कर्मियों से उनके निर्धारित सफाई कार्य के अतिरिक्त अन्य कार्य नहीं कराया जाए, ताकि वे अपने मूल कार्य को व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से कर सकें। वहीं सभी कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की 10 तारीख के अंदर भुगतान किए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई है।

बार-बार आश्वासन से कर्मचारी नाराज

हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर पूर्व में भी कई बार अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखी गईं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा। मांगों का स्थायी समाधान नहीं होने के कारण कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि इस बार वे अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ रहे हैं।

सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी छह सूत्रीय मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती और समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

हड़ताल के चलते नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। अब देखना होगा कि नगर परिषद प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच मांगों को लेकर क्या समाधान निकलता है।

संवाददाता : सुरेश संगम द्विवेदी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.