देवेन्द्रनगर-चुरहट मेमू ट्रेन को मिली हरी झंडी, सोमवार से संचालन शुरू

पवई : खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा है कि देश की आजादी के बाद पन्ना जिले में रेल का आगमन जिलेवासियों सहित बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। देवेन्द्रनगर तक ट्रेन की सुविधा न सिर्फ आवागमन, बल्कि विकास का नया अध्याय भी लिखेगी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में ललितपुर-सिंगरौली ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना की नींव रखी गई। वर्ष 1997-98 में खजुराहो से इस बड़ी लाइन की आधारशिला रखने के बाद अब रेल का सपना पूरा हुआ। इससे बुंदेलखंड और विन्ध्य में आवागम आसान होने के साथ ही विकास और तरक्की की नई राह खुलेगी। सांसद श्री शर्मा ने देवेन्द्रनगर को गुन्नौर विधानसभा का महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत कनेक्टिविटी के साथ पेयजल परियोजनाओं का क्रियान्वयन भी हो रहा है। खजुराहो से नई दिल्ली और वाराणसी के लिए फ्लाइट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने आश्वत किया कि देवेन्द्रनगर-पन्ना-खजुराहो रेल खंड का कार्य भी तेजी से पूरा होगा। पन्ना एवं बुंदेलखंड विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा। 

इस अवसर पर गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि आज सौभाग्य का दिन है। बघेलखंड और बुंदेलखंड को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी रेल परियोजना को पूर्ण करने के लिए पूर्व में कई प्रयास किए गए। खजुराहो सांसद के अथक प्रयासों का जिक्र करते हुए स्थानीय विधायक ने कहा कि ट्रेन सुविधा से विद्यार्थियों, व्यापारियों और किसानों को सतना एवं विंध्य क्षेत्र में आवागमन में काफी सहूलियत होगी। भविष्य में सकरिया से हटा-दमोह रेल लाइन का सर्वे भी प्रस्तावित है। देवेन्द्रनगर में नागौद से मेमू ट्रेन के आगमन पर स्थानीयजनों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। ट्रेन से देवेन्द्रनगर रेल्वे स्टेशन पहुंचे आम नागरिकों, जन प्रतिनिधियों व बच्चों ने ट्रेन संचालन को लेकर अपना उत्साह प्रकट किया और प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति आभार भी जताया। इस दौरान हाथों में तख्तियां लेकर उत्साहपूर्वक नारे भी लगाए। सांसद एवं विधायक  ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, पूर्व विधायक शिवदयाल बागरी, फुन्दर चौधरी, विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अजय सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष शिवांगी गुप्ता, सतानंद गौतम, रामबिहारी चौरसिया, जय प्रकाश चतुर्वेदी सहित रेल्वे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित रहे। सोमवार, 26 अक्टूबर से सप्ताह में छः दिवस ट्रेन का विधिवत संचालन शुरू होगा।

संवाददाता : सुरेश संगम द्विवेदी  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.