मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले! असम में बनेगा नया एयरपोर्ट, 2,014 करोड़ मंजूर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। इनमें असम के सिलचर में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण से लेकर निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों के विनिर्माण को बढ़ावा देने तक के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल और डाक विभाग की योजनाओं को जारी रखने की भी मंजूरी दी गई।
असम के सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
कैबिनेट ने असम के सिलचर में डोलू के पास नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना के लिए 2,014 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नया एयरपोर्ट बराक घाटी के साथ-साथ मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों के लिए कनेक्टिविटी का अहम केंद्र बनेगा। प्रस्तावित एयरपोर्ट में 12,351 वर्ग मीटर की नई टर्मिनल बिल्डिंग और 2,705 मीटर लंबा तथा 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा। इसकी क्षमता पीक टाइम में 800 यात्रियों को संभालने की होगी, जिसमें 400 यात्री आने वाले और 400 जाने वाले होंगे। एयरपोर्ट सालाना करीब 1.01 मिलियन यात्रियों को संभाल सकेगा।
इस परियोजना का पूरा खर्च एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगी। इससे बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्रों में हवाई संपर्क मजबूत होगा। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलने और फल-सब्जियों जैसे जल्दी खराब होने वाले उत्पादों के कार्गो परिवहन को बेहतर बनाने की उम्मीद है।
11 हजार करोड़ की योजना से भारत बनेगा भारी मशीनों का मैन्युफैक्चरिंग हब
कैबिनेट ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण यानी कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (CIE) के विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत को क्रेन, बुलडोजर और टनल बोरिंग मशीनों के निर्माण का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा।
यह योजना आठ साल तक चलेगी। इसकी अवधि वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2033-34 तक निर्धारित की गई है। इसमें उपकरणों की सात ऐसी श्रेणियां शामिल हैं, जिनका अभी पूरी तरह या काफी हद तक आयात किया जाता है। इनमें टनल बोरिंग मशीनें, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं। इस योजना का उद्देश्य देश में इन उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना और आयात पर निर्भरता कम करना है।
कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
कैबिनेट ने कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को भी मंजूरी दी है। जीएसटी सहित इस परियोजना की अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपये है। परियोजना के तहत 900 मीटर लंबा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इसका डिजाइन ड्राफ्ट 18 मीटर का होगा और इसकी सालाना कंटेनर हैंडलिंग क्षमता 2 मिलियन ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट्स (TEUs) होगी। इससे बंदरगाह की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
डाक विभाग की योजनाओं को भी जारी रखने की मंजूरी
कैबिनेट ने 1,141 करोड़ रुपये के बजट के साथ पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य डाक नेटवर्क का आधुनिकीकरण करना, पार्सल और डाक सेवाओं को मजबूत बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर करना है। इसके साथ ही डाक विभाग की एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम को भी जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके लिए 1,491 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
कुल मिलाकर, कैबिनेट के इन फैसलों में हवाई कनेक्टिविटी, भारी निर्माण उपकरणों के घरेलू विनिर्माण, बंदरगाह क्षमता और डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण पर जोर दिया गया है।

No Previous Comments found.