PM मोदी का Facebook Video अचानक गायब! Meta की सफाई से मचा बवाल
देश के प्रधानमंत्री का वीडियो...फेसबुक से अचानक गायब...सोशल मीडिया पर मचा बवाल...विपक्ष से लेकर समर्थकों तक हर कोई पूछने लगा....आखिर प्रधानमंत्री का वीडियो गया कहां? जी हां सोशल मीडिया दिग्गज मेटा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक वीडियो हटा दिया था। जो आज मंगलवार को दोबारा बहाल कर दिया है। कंपनी ने इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई देते हुए इसे एक तकनीकी गड़बड़ी करार दिया है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय ने कड़ा रुख अपनाया है और Meta के बड़े अधिकारियों को तलब किया है।
वहीं ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल प्रधानमंत्री का वीडियो गलती से कैसे हट गया? दरअसल, यह वही वीडियो था जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई को अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर साझा किया था। करीब तीन मिनट लंबे इस वीडियो में प्रधानमंत्री सीधे देश के छात्रों और जेन-जी से संवाद कर रहे थे। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता...पेपर लीक...और परीक्षा में होने वाली अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। देशभर में चल रहे छात्र आंदोलनों और पेपर लीक विवाद के बीच यह वीडियो काफी चर्चा में रहा। लेकिन कुछ समय बाद अचानक फेसबुक पर यह वीडियो दिखाई देना बंद हो गया। जैसे ही लोगों ने वीडियो सर्च करना शुरू किया, तो वह उपलब्ध नहीं मिला। इसके बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे।
कई यूजर्स ने स्क्रीनशॉट साझा किए। राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं और देखते ही देखते यह मामला राष्ट्रीय बहस का विषय बन गया। वहीं विवाद बढ़ने के बाद Meta ने आधिकारिक बयान जारी किया। कंपनी के प्रवक्ता ने साफ कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो किसी नीति के तहत नहीं हटाया गया था। यह पूरी तरह तकनीकी गड़बड़ी का मामला था। कंपनी ने साफ किया कि कंटेंट हटाने का फैसला जानबूझकर नहीं लिया गया था। हालांकि Meta की सफाई के बावजूद मामला यहीं नहीं थमा। सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय ने Meta के ग्लोबल अधिकारियों को तलब किया है।
बताया जा रहा है कि कंपनी के ग्लोबल हेड और पब्लिक पॉलिसी के ग्लोबल हेड से इस पूरे घटनाक्रम पर जवाब मांगा जा सकता है। हालांकि मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। आपको बता दें Meta दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों में से एक है। इसी कंपनी के तहत फेसबुक...इंस्टाग्राम...और व्हाट्सऐप जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म संचालित होते हैं। साल 2021 में फेसबुक इंक का नाम बदलकर आधिकारिक तौर पर Meta कर दिया गया था। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी मार्क ज़करबर्ग हैं। वहीं भारत Meta के लिए सबसे बड़े बाजारों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेताओं में शामिल हैं। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर करोड़ों लोग जुड़े हुए हैं।
इंस्टाग्राम पर उनके 10.5 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं।
फेसबुक पर करीब 6.1 करोड़ लोग उन्हें फॉलो करते हैं।
वहीं उनके व्हाट्सऐप चैनल से भी लाखों-करोड़ों लोग जुड़े हुए हैं।
ऐसे में प्रधानमंत्री के आधिकारिक पेज से किसी वीडियो का अचानक गायब होना स्वाभाविक रूप से बड़ा मुद्दा बन गया।
अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय और Meta के बीच होने वाली बातचीत में क्या निष्कर्ष निकलता है, और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कंपनी क्या कदम उठाती है। फिलहाल Meta ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए वीडियो बहाल कर दिया है, लेकिन यह पूरा घटनाक्रम डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही पर नई बहस जरूर छोड़ गया है।
No Previous Comments found.