PM Modi In Gujarat: सूरत पहुंचे पीएम मोदी, हजीरा स्थित एलएंडटी औद्योगिक परिसर का किया दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के महत्वपूर्ण दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले सूरत के हजीरा स्थित औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधाओं का अवलोकन करते हुए विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों की जानकारी ली और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
हजीरा दौरे के बाद प्रधानमंत्री सूरत में नव-निर्मित 200 बेड वाले ईएसआईसी अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही वे एक जनसभा को संबोधित कर क्षेत्र के विकास और केंद्र सरकार की योजनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे।
अपने गुजरात प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री लगभग 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, परिवहन और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। इसी क्रम में वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा है।
सूरत के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री दमन पहुंचेंगे, जहां वे नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा दमन में करीब 2,970 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत भी की जाएगी।
प्रधानमंत्री लक्षद्वीप के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। लगभग 885 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं में कल्पेनी और कदमत द्वीप के बंदरगाहों के आधुनिकीकरण और विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से द्वीपीय क्षेत्रों में संपर्क, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
No Previous Comments found.