PM Modi Varanasi Visit: सभा स्थल पर उमड़ी भीड़, काशी को मिलेंगी 163 विकास परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने काशी दौरे पर पहुंच गए हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इस दौरान मौजूद रहे। स्वागत के बाद पीएम मोदी हेलिकॉप्टर के जरिए बरेका (बनारस लोकोमोटिव वर्क्स) के लिए रवाना हुए और बरेका स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, जहां से वे गेस्ट हाउस गए।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री बरेका गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगे और इसके बाद करीब शाम 5 बजे वे बरेका में आयोजित सभा स्थल पर पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में वे देशभर की महिलाओं को संबोधित करेंगे और विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं।

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ मंत्री बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की समृद्धि व विकास की कामना की।

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मंत्रियों और नेताओं का काफिला भी बरेका की ओर रवाना हुआ, इस दौरान मंडुवाडीह चौराहे पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया ताकि वीवीआईपी मूवमेंट सुचारू रूप से हो सके।

काशी एक बार फिर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार है, जहां उनके संबोधन और विकास परियोजनाओं की घोषणाओं पर सबकी नजरें टिकी हैं।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.