पीएम मोदी ने बैरकपुर में फूंका विजय शंखनाद, कहा- अब सीधे शपथ ग्रहण में आऊंगा
पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया! दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैरकपुर और जगतदल की धरती से ऐसी हुंकार भरी कि कोलकाता से लेकर कालीघाट तक की दीवारें हिल गईं। बंगाल के रण में अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए पीएम मोदी ने चुनावी जनसभा को सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि विजय संकल्प का शंखनाद बना दिया। उन्होंने साफ शब्दों में घोषणा कर दी कि टीएमसी का समय अब समाप्त हो चुका है और बंगाल में परिवर्तन की आंधी अब सुनामी बन चुकी है। पीएम ने आत्मविश्वास के साथ कहा, ये मेरी आखिरी सभा है, अब मैं 4 मई के बाद सीधे नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने आऊंगा!
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर अब तक का सबसे कड़ा हमला बोला। उन्होंने टीएमसी के 15 सालों के शासन को महाजंगलराज करार दिया। पीएम ने जो आरोप लगाए, वे सीधे जनता के दिल पर चोट करने वाले थे। जी हां पीएम ने दहाड़ते हुए कहा कि टीएमसी के पास न कोई विजन है और न ही कोई रोडमैप। 15 साल सत्ता में रहने के बाद भी टीएमसी अपना रिपोर्ट कार्ड दिखाने के बजाय सिर्फ गाली-गलौज और धमकियों की राजनीति कर रही है। मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि देश की सेना और संवैधानिक संस्थाओं को भी अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इतना ही नहीं पीएम ने कटाक्ष किया, बंगाल में रोजगार देने वाली मिलें तो बंद हो गईं, लेकिन गुंडों को नौकरी देने वाली 'कच्चे बम की फैक्ट्रियां' गली-गली में फल-फूल रही हैं।
वहीं पीएम मोदी ने बंगाल की जनता को 'मोदी की गारंटी' देते हुए भावुक और मजबूत वादे किए। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत का भविष्य तीन खंभों पर टिका है....बिहार, बंगाल और ओडिशा। बंगाल के युवाओं के दर्द को छूते हुए मोदी ने कहा कि दशकों से यहां के बच्चे बाहर कमाने जा रहे हैं और बुजुर्ग ओल्ड एज होम में अकेले रहने को मजबूर हैं। भाजपा सरकार की पहली प्राथमिकता बंगाल में ही रोजगार पैदा करना होगी। मोदी ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनते ही कोलकाता के आसपास बड़े 'मेक इन इंडिया' प्रोजेक्ट्स लगाए जाएंगे ताकि बंद हो रही फैक्ट्रियों का दौर खत्म हो और उद्योग वापस आएं।
वहीं पीएम ने सबसे बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही पूरे पश्चिम बंगाल में 'आयुष्मान भारत' योजना लागू कर दी जाएगी, जिससे हर गरीब और बुजुर्ग को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। आपको बता दें पीएम मोदी ने रैलियों के दौरान अपने व्यक्तिगत और आध्यात्मिक अनुभव साझा कर लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह प्रचार अभियान राजनीतिक नहीं बल्कि आध्यात्मिक था।
जाहिर है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बैरकपुर दौरा सिर्फ एक चुनावी भाषण नहीं था, बल्कि बंगाल की जनता के लिए एक नया सवेरा लाने का वादा था। उन्होंने 1857 की क्रांति की याद दिलाकर बंगाल की रगों में दौड़ रहे परिवर्तन के जज्बे को फिर से जगा दिया। ममता बनर्जी के सिंडिकेट राज पर अंतिम प्रहार करते हुए मोदी ने यह साफ कर दिया है कि अब लड़ाई विकास बनाम विनाश की है। जनता की भारी भीड़ और मोदी-मोदी के नारों ने साफ कर दिया है कि बंगाल अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि मोदी की गारंटी पर भरोसा करने को तैयार है। फिलहाल अब सबकी नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब बंगाल की राजनीति का नया अध्याय लिखा जाना तय माना जा रहा है!

No Previous Comments found.