सरकार को चेतावनी के बाद, औरंगजेब की कब्र की सुरक्षा बढ़ी...
Adarsh Kanoujia
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में स्थित औरंगजेब की कब्र हटाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने महाराष्ट्र सरकार से इसे जल्द हटाने की चेतावनी दी गई है। विवाद के बीच कब्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
विश्व हिंदू परिषद महाराष्ट्र और गोवा के क्षेत्रीय मंत्री गोविंद शेंडे ने औरंगजेब की कब्र को गुलामी का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा- 17 मार्च यानी आज शिवाजी महाराज की जयंती है। आज हम महाराष्ट्र में प्रदर्शन और छत्रपति संभाजीनगर की तरफ मार्च करेंगे।
हिंदू संगठन महाराष्ट्र भर में प्रदर्शन कर रहे
औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर सोमवार को महाराष्ट्र भर में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान मुगल आक्रांताओं के पुतले भी जलाए जा रहे हैं।
पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए-
औरंगजेब की कब्र वाले इलाके में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। ऐसी व्यवस्था की गई है कि वहां केवल एक ही व्यक्ति प्रवेश कर सके। औरंगजेब के मकबरे का मुख्य द्वार पुलिस ने बंद कर दिया है। औरंगजेब की कब्र के पास जाना भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। फिलहाल औरंगजेब के मकबरे को बाहर से ही देख सकते हैं।
कांग्रेस बोली- कब्र हटाने से क्या मिलेगा
महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा- बजरंग दल और VHP के पास करने के लिए और कुछ नहीं बचा है। वे नहीं चाहते कि महाराष्ट्र के लोग शांति से रहें। वे राज्य के विकास की गति को धीमा करना चाहते हैं। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि औरंगजेब 27 साल तक यहां रहे और वे राज्य के लिए कुछ नहीं कर पाए। अब उनकी कब्र हटाने के बाद उन्हें क्या मिलेगा।
1707 में बनी थी औरंगजेब की कब्र-
दरअसल, मुगल सम्राट औरंगजेब की कब्र महाराष्ट्र के खुल्दाबाद में है। इतिहासकारों के मुताबिक, 1707 में जब औरंगजेब का निधन हुआ, तो उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें खुल्दाबाद में उनके आध्यात्मिक गुरु शेख जैनुद्दीन की दरगाह के पास दफनाया गया। यह स्थान छत्रपति संभाजीनगर से करीब 25 किमी दूर है।
औरंगजेब की कब्र एक साधारण मिट्टी की बनी हुई थी, जिसमें बाद में ब्रिटिश वायसरॉय लॉर्ड कर्जन ने संगमरमर लगवाया था। इस स्थान को ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां आज भी लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं।
औरंगाबाद को ही क्यों चुना अपनी कब्र के लिए-
औरंगजेब ने अपनी जिंदगी के करीब 37 साल औरंगबाद में बिताए थे। यही वजह थी कि उसे औरंगाबाद से बेहद लगाव था। उसने औरंगाबाद में ही अपनी बेगम की कब्र 'बीबी का मकबरा' बनवाया था, जिसे दक्कन का ताज भी कहा जाता है। इसके अलावा, यहीं पर उसके पीर की कब्र भी थी, जिसे वह बहुत मानता था। औरंगजेब ने यह भी कहा था कि मेरी मौत भारत में कहीं भी हो, लेकिन मुझे दफन यहीं सूफी संत जैनुद्दीन शिराजी के पास होना चाहिए।

No Previous Comments found.