दादर–पंढरपुर–सातारा–दादर रेल को प्रतिदिन चलाकर “चंद्रभागा एक्सप्रेस” नाम देने की मांग

सोलापुर : सोलापुर जिले के परिवहन, व्यापार, कृषि और संचार व्यवस्था को गति देने के उद्देश्य से सांसद धैर्यशील मोहिते-पाटील ने केंद्रीय रेल एवं सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से नई दिल्ली में मुलाकात कर पूर्व में रखी गई विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों का पुनः पाठपुरावा किया।

इस दौरान सोलापुर जिले के मोडनिंब में गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल (GCT) का निर्माण जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की गई। इस परियोजना से औद्योगिक एवं कृषि माल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

साथ ही, सोलापुर जिले के किसानों के लिए उपयोगी रही और फिलहाल बंद दिल्ली–कोलकाता–मुजफ्फरनगर–शालीमार “किसान रेल” सेवा को पुनः शुरू करने की मांग भी की गई। इसके अलावा अकलूज शहर में एफएम रेडियो केंद्र स्थापित करने की मांग का भी पाठपुरावा किया गया।

इसके अतिरिक्त, दादर–पंढरपुर–सातारा–दादर रेल सेवा को प्रतिदिन चलाकर उसे “चंद्रभागा एक्सप्रेस” नाम देने, तथा वारकरी और यात्रियों की सुविधा के लिए पंढरपुर–देहू मेमू रेल सेवा शुरू करने की मांग भी रखी गई।

सांसद मोहिते-पाटील ने लातूर–कुर्डुवाडी–सोलापुर और मिरज–कुर्डुवाडी–दौंड कॉर्ड लाइन के निर्माण तथा मिरज–कुर्डुवाडी–लातूर रोड (लगभग 375 किमी) रेलमार्ग के दोहरीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण एवं आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने की मांग की।

इसके साथ ही, सोलापुर रेल मंडल में बढ़ती जनसंख्या और पंढरपुर आने वाले लाखों वारकरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सांगोला तालुका के जवला व बामणी, पंढरपुर तालुका के बाभुलगांव तथा माढा तालुका के म्हैसगांव व लऊळ में नए रेलवे स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव मंजूर करने की मांग की गई।

माढा विधानसभा क्षेत्र के मोडनिंब रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव, फुटओवर ब्रिज, किसानों के लिए अंडरपास, आरक्षण काउंटर तथा स्थानीय (शटल) ट्रेनों का ठहराव उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

इसी बीच, कुर्डुवाडी–पंढरपुर मार्ग पर पुराना मीटर गेज ट्रैक वर्तमान में उपयोग में नहीं है और वहां रेलवे की मूल्यवान जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन का विकासात्मक उपयोग करते हुए वहां व्यापारी संकुल (कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स) विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

इन सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया है।

रिपोर्टर : प्रभव चंद्रकांत काले
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.