'गजनी' के चर्चित अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की आयु में निधन
फिल्म 'गजनी','लगान' और बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक 'महाभारत' में अपने प्रभावशाली अभिनय से पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं रहे। 74 वर्ष की उम्र में उन्होंने 4 अगस्त 2026 की शाम अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने की।
जानकारी के अनुसार, अभिनेता प्रदीप रावत पिछले लगभग पांच वर्षों से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। उपचार के बाद उनकी सेहत में कुछ समय के लिए सुधार आया था, लेकिन कुछ महीने पहले बीमारी ने दोबारा दस्तक दे दी। पिछले दो महीनों से वह अस्पताल में भर्ती थे, जहां मंगलवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को किए जाने की संभावना है।
अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी तस्वीर साझा की और लिखा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। वहीं, टीवी अभिनेता आयुषपाल शर्मा ने भी उन्हें याद करते हुए 'गजनी' और 'लगान' में निभाए गए उनके यादगार किरदारों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
महाभारत से की थी अभिनय करियर की शुरुआत
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक महाभारत में अश्वत्थामा का किरदार निभाकर की थी। इसके बाद उन्होंने तहकीकात, चंद्रकांता, युग और गुल सनोबर जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय किया। फिल्मों की बात करें तो उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई। हिंदी फिल्मों में लगान, सरफरोश, गजनी, बैजू बावरा, आवारापन और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी सराहा गया।
'छावा' रही आखिरी हिंदी फिल्म
दक्षिण भारतीय फिल्मों में प्रदीप रावत ने अपने करियर की शुरुआत तेलुगु फिल्म 'सई' से की थी और आगे चलकर कई दमदार खलनायक की भूमिकाओं से दर्शकों का दिल जीता। तमिल फिल्म गजनी(2005) में निभाए गए उनके किरदार को जबरदस्त लोकप्रियता मिली, जिसके बाद उन्होंने इसी भूमिका को हिंदी रीमेक गजनी में भी दोहराया। इसके अलावा वह कन्नड़ फिल्म पैरोडी, मलयालम फिल्म चाइना टाउन, बंगाली फिल्म हीरो 420 और भोजपुरी फिल्म क्रैक फाइटर में भी नजर आए। उनकी आखिरी हिंदी फिल्म 'छावा' थी, जो 14 फरवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
No Previous Comments found.