तेज धूप नहीं ठंडी होने दे रही रात,पुरवा हवा ने भी बढ़ाई उमस

प्रतापगढ़ : आसमान में बादलों की मौजूदगी के बीच पुरवा हवा से उमस ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। उमस के कारण मंगलवार रात तापमान अधिकतम डिग्री पार कर गया। बुधवार को दिन में भी तेज धूप के बीच उमस से लोग पसीने से डूबे रहे। एसी और कूलर भी बेअसर नजर आए। कई दिन से आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा है। लगातार चल रही पुरवा हवा के कारण उसम दिन के चैन के साथ ही रात की नींद भी उड़ा रही रही है। मंगलवार रात उमस से लोग परेशान हो उठे। इसके चलते रात का तापमान मौसम में सबसे अधिक 28.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बुधवार को बादल 2-4 मिनट के लिए छिटपुट स्थानों से सूरज ओझल करते रहे। कुछ देर छांव के बाद धूप लोगों को और ज्यादा तपाने लगी। तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39.5 पहुंच गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री था। पुरवा हवा से उमस का हर ओर असर दिखा। पंखे और कूलर भी उमस से राहत नहीं दे सके। लोग पंखे के सामने रहने के बावजूद पसीने से तरबतर नजर आए। सई अनुसंधान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डीआर मीना ने बताया कि पुरवा हवा से उमस होती है। हवा बदलने के बाद ही लोगों को उमस से राहत मिलेगी।

रिपोर्टर : रोहित जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.