सर्वे :गूगल नहीं,सोशल मीडिया बन रहा नई पीढ़ी का सर्च इंजन

प्रतापगढ़ : आज की डिजिटल दुनिया में नई पीढ़ी जानकारी की तलाश अब गूगल से नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम और फेसबुक से शुरू करती है। एक ओर जहां सोशल मीडिया से खोज आसान और आकर्षक हुई है, लेकिन इसकी प्रामाणिकता, विविधता और गहराई पर संशय है। यह बदलाव तभी सकारात्मक है जब इसका विवेकपूर्ण उपयोग किया जाए।
सोशल मीडिया प्रबंधन प्लेटफॉर्म स्प्राउट सोशल की रिपोर्ट बताती है कि जनरेशन जेड (जिनका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ है) के 41% युवा जानकारी खोजने के लिए सबसे पहले सोशल मीडिया का रुख करते हैं। पारंपरिक सर्च इंजन जैसे गूगल उनके लिए ‘दूसरी पसंद’ बन चुके हैं, जिन्हें सिर्फ 32% युवा प्राथमिकता देते हैं। फेसबुक सबसे लोकप्रिय सर्च प्लेटफॉर्म बन गया है। इसके बाद दूसरे स्थान पर यूट्यूब है। इससे पता चलता है कि वीडियो आधारित जानकारी की मांग तेजी से बढ़ी है। खरीदारी के फैसले में भी भूमिका : इस सर्वेक्षण में यह भी सामने आया कि सोशल मीडिया न केवल जानकारी पाने का जरिया बन गया है, बल्कि खरीदारी के फैसले लेने में भी इसकी अहम भूमिका है। करीब 76% उपभोक्ताओं ने माना कि बीते छह महीनों में उन्होंने सोशल मीडिया पर देखे गए विज्ञापन, ब्रांड पोस्ट या इंफ्लुएंसर कंटेंट से प्रेरित होकर कुछ न कुछ खरीदा। इस बदलाव का मुख्य कारण सोशल मीडिया का आकर्षक और तत्काल जानकारी देने वाला रूप है। युवा अब शॉर्ट वीडियो,रील्स और इंफ्लुएंसर की राय से प्रभावित होते हैं। यह आंकड़ा जेन जेड में 90% और मिलेनियल्स (जिनका जन्म 1981 से 1996 के बीच हुआ है) में 84% है। समीक्षा और सुझाव : यह ट्रेंड सिर्फ उत्पादों की जानकारी तक सीमित नहीं है। सर्वे के मुताबिक, 37% उपभोक्ता किसी भी उत्पाद की समीक्षा या सुझाव के लिए पहले सोशल मीडिया देखते हैं। वहीं, 35% लोग किसी नए रेस्टोरेंट या स्थानीय गतिविधि के लिए भी इन प्लेटफॉर्म पर भरोसा करते हैं।
रिपोर्टर : रोहित जायसवाल
No Previous Comments found.