मोहर्रम को लेकर एहतियात: राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोग हाउस अरेस्ट
प्रतापगढ़ : मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने एहतियाती कार्रवाई करते हुए #कुंडा के राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को हाउस अरेस्ट कर दिया है। सभी के घरों पर नोटिस चस्पा कर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कुंडा के शेखपुर में वर्षों से मोहर्रम के अवसर पर भंडारे की परंपरा रही है। इसको लेकर दूसरे समुदाय की ओर से आपत्ति जताई जाती रही है। पूर्व में विवाद की स्थिति बनने पर कई बार ताजिया जुलूस भी प्रभावित हुआ था। इसके बाद प्रशासन ने भंडारे पर रोक लगा दी। तब से हर वर्ष मोहर्रम के दौरान एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में लोगों को पाबंद करने और कुछ प्रमुख लोगों को नजरबंद (हाउस अरेस्ट) करने की कार्रवाई की जाती रही है।
इस वर्ष भी प्रशासन ने 300 से अधिक लोगों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया है। गुरुवार को राजा उदय प्रताप सिंह सहित 13 लोगों को हाउस अरेस्ट कर उनके घरों पर नोटिस चस्पा किए गए। हाउस अरेस्ट किए गए लोगों में निर्भय सिंह (बेंती), जुगनू विश्वकर्मा (गोपालगंज, हथिगवां), हनुमान पांडेय (कुंडा), जितेंद्र यादव, आनंद पाल, रमाकांत मिश्रा, भवानी विश्वकर्मा, रवि सिंह, केशरी नंदन पांडेय, जमुना प्रसाद मौर्य, गया प्रसाद प्रजापति तथा मोहन पुत्र रामजन्म (गोपालगंज, हथिगवां) शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने निर्देश दिया है कि निर्धारित अवधि तक सभी संबंधित व्यक्ति अपने आवास से बाहर नहीं निकलेंगे। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए उनके आवासों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
एडिशनल एसपी (पश्चिमी) ने बताया कि मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है। हाउस अरेस्ट किए गए सभी लोगों को शुक्रवार रात 9 बजे तक घरों में रहने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
रिपोर्टर : रोहित जायसवाल
No Previous Comments found.