प्रतीक यादव का निधन: बैकुंठ धाम में होगा अंतिम संस्कार, परिवार और नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
प्रतीक यादव का निधन: बैकुंठ धाम में होगा अंतिम संस्कार, परिवार और नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से यादव परिवार और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कुछ ही देर में उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी और बैकुंठ धाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शव वाहन को फूलों से सजाया गया है, जिस पर प्रतीक यादव की कुत्तों और बंदर के साथ तस्वीर लगाई गई है। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए घर पर रखा गया है।
प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। स्वामी अवधेशानंद गिरि, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई नेताओं ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शिवपाल यादव, डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी अंतिम दर्शन के लिए मौजूद रहे।
मंगलवार रात उनकी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों के साथ शव के पास बैठी रहीं। परिवार का माहौल बेहद गमगीन नजर आया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में प्रतीक की मौत की वजह कार्डिएक अरेस्ट बताई गई है। रिपोर्ट में उनके शरीर पर छह चोटों के निशान भी पाए गए हैं, जिनमें तीन चोटें सात दिन पुरानी और तीन एक दिन पुरानी बताई गई हैं। डॉक्टरों के अनुसार प्रतीक गंभीर फेफड़ों की बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म से पीड़ित थे, जिसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंसकर ब्लड सर्कुलेशन रोक देता है।
बताया गया कि पिछले 13 दिनों में उन्हें दो बार हार्ट अटैक आया था। इससे पहले 30 अप्रैल को लखनऊ एयरपोर्ट पर वह अचानक गिर पड़े थे, जिसके बाद मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की थी।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। यादव परिवार से होने के बावजूद राजनीति में उनकी खास रुचि नहीं थी। वे रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस से जुड़े थे और उन्हें महंगी कारों व सुपर बाइक्स का काफी शौक था।
प्रतीक यादव ने करीब 14 साल पहले अपर्णा यादव से लव मैरिज की थी। दोनों की दो बेटियां हैं। इसी साल जनवरी में उन्होंने अचानक अपर्णा से अलग होने की बात कही थी, लेकिन कुछ दिनों बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी। बाद में प्रतीक ने सोशल मीडिया पर अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था — “All is Good” यानी “सब अच्छा है।”


No Previous Comments found.