अतरसुइया प्रयागराज में विचार गोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन
प्रयागराज - विश्व मानव अधिकार दिवस के अवसर पर इलाहाबाद जनकल्याण समिति द्वारा गुरु गोविंद सिंह गोल पार्क अतरसुइया प्रयागराज में विचार गोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को मानव अधिकारों के प्रति जागरूक करना एवं समान न्याय की अवधारणा को सशक्त रूप से प्रस्तुत करना रहा। रैली के दौरान राष्ट्रीय पुरुष आयोग एवं पुरुष मंत्रालय की स्थापना की माँग को लेकर तख्तियों एवं नारों के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष हन्जला उर्फ़ सद्दाम हुसैन ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान एवं विभिन्न कानूनों के अंतर्गत महिलाओं को व्यापक अधिकार एवं संरक्षण प्रदान किया गया है। संविधान का अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार), शिक्षा, स्वास्थ्य, संपत्ति, मताधिकार, समान वेतन के अधिकार के साथ-साथ घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, 2005; कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2013, मातृत्व लाभ अधिनियम, 1961, जीरो एफआईआर, गिरफ्तारी एवं पूछताछ में विशेष सुरक्षा, भरण-पोषण एवं स्त्री-धन जैसे अनेक कानूनी प्रावधान महिलाओं के हित में प्रभावी रूप से लागू हैं। उन्होंने आगे कहा कि जहाँ महिलाओं के लिए हेल्पलाइन, आयोग तथा विशेष मंत्रालय एवं कानून उपलब्ध हैं, वहीं पुरुषों के अधिकारों के संरक्षण हेतु अब तक कोई स्वतंत्र आयोग या मंत्रालय मौजूद नहीं है। वर्तमान समय में अनेक मामलों में पुरुषों पर कथित रूप से फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। अतः समानता और न्याय के सिद्धांत के अंतर्गत पुरुषों के लिए भी एक न्यायपूर्ण, संतुलित एवं संवेदनशील व्यवस्था स्थापित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। आगे उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश की पावन धरती प्रयागराज से संचालित इलाहाबाद जनकल्याण समिति के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप आज राष्ट्रीय स्तर पर पुरुष आयोग की आवश्यकता पर चर्चा प्रारंभ हुई है। समिति द्वारा निरंतर माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, विधायक एवं सांसदों को प्रार्थना-पत्र, ज्ञापन तथा पत्र सौंपे जाते रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के क्रम में सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल द्वारा इस विषय को राज्यसभा में प्रस्तुत किया गया, जिससे यह मुद्दा संसद तक पहुँचा। इलाहबाद जन कल्याण समिति कि देन है जो आज यदि पूरे भारत में कहीं भी पुरुष आयोग की माँग उठ रही है, तो उसके पीछे इलाहाबाद जनकल्याण समिति एवं उसके अध्यक्ष हन्जला के सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम का संचालन कृष्णा गोपाल ने किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि इलाहाबाद जनकल्याण समिति विगत कई वर्षों से राष्ट्रीय पुरुष आयोग की स्थापना हेतु विभिन्न संवैधानिक, प्रशासनिक एवं कानूनी मंचों पर सतत प्रयास करती आ रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम मे मुख्य रूप से एडवोकेट हाई कोर्ट परशुराम चौहान, मोहम्मद नासिर, यूनुस रियाज, मौअज्जम अंसारी आदी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - जाबिर अली
No Previous Comments found.