सरस्वती विद्या मंदिर माधव ज्ञान केंद्र खारकोनी में हुआ सप्त शक्ति *संगम का सफल आयोजन

प्रयागराज : सरस्वती विद्या मंदिर माधव ज्ञान केंद्र, नैनी, प्रयागराज में आज अंतिम सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्या भारती के शिक्षा दर्शन के अनुरूप संस्कारयुक्त शिक्षा, पारिवारिक मूल्यों के संवर्धन तथा राष्ट्रीय चेतना का जागरण करना रहा।

कार्यक्रम की प्रस्तावना विद्यालय की आचार्या आशा जी ने प्रस्तुत की, जिसमें उन्होंने विद्या भारती के पंचमुखी शिक्षा उद्देश्यों—शारीरिक, प्राणिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास—पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं वक्ता डॉ. नीलिमा सिंह (प्रोफेसर, राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय, प्रयागराज) ने कुटुंब प्रबोधन विषय के अंतर्गत पारिवारिक मूल्यों, भारतीय जीवन शैली तथा सुदृढ़ परिवार व्यवस्था की महत्ता पर अपने अमूल्य विचार व्यक्त किए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंच परिवर्तन के अंतर्गत कुटुंब प्रबोधन के महत्व को रेखांकित करते हुए परिवार को समाज निर्माण की मूल इकाई बताया।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती राजेश्वरी पांडे (प्रधानाचार्य, गीता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नैनी) ने भारत के विकास में महिलाओं की भूमिका को स्पष्ट करते हुए नागरिक कर्तव्य एवं सामाजिक समरसता के संदर्भ में मातृशक्ति के योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती प्रतिमा सिंह (प्रधानाचार्य, जे.एल. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेजा, प्रयागराज) ने मातृशक्तियों को बच्चों की शिक्षा, संस्कार एवं उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वदेशी जीवन शैली एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल्यों को अपनाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर आचार्या रत्ना कुशवाहा के नेतृत्व में ऐतिहासिक मातृ आदर्शों की प्रेरक झलकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें विद्यालय की मातृशक्तियों द्वारा महारानी सेतु लक्ष्मीबाई, ताराबाई, रानी नानकी देवी एवं सावित्री देवी के जीवन चरित्र का मंचन किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती निकिता मिश्रा द्वारा प्रश्नोत्तरी के माध्यम से मातृशक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। साथ ही समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु मधु त्रिपाठी एवं विजयलक्ष्मी सिंह का सम्मान किया गया।
आभार ज्ञापन श्रीमती पद्मा  द्वारा किया गया। कार्यक्रम की प्रमुख संयोजिका आचार्या वंदना सिन्हा (जिला बालिका प्रमुख) रहीं तथा संचालन प्रियंका  ने किया। समस्त कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अजय कुमार मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यालय के समस्त आचार्य एवं दीदियों ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया। छायांकन एवं समाचार लेखन का दायित्व जयति  सौम्या एवं सुचिता द्वारा निभाया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्या भारती के राष्ट्र निर्माण, संस्कारयुक्त शिक्षा, सामाजिक समरसता एवं सशक्त परिवार निर्माण के उद्देश्यों के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंच परिवर्तन—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी व्यवहार, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक कर्तव्य—के प्रति जनजागरण का संदेश दिया गया।

रिपोर्टर : बबीता शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.