बिना पंजीकरण और डिग्री के एक फर्जी क्लीनिक और खून-पेशाब जांच केंद्र के संचालन का मामला सामने आया

 प्रयागराज :  प्रयागराज के मांडा क्षेत्र में बिना पंजीकरण और डिग्री के एक फर्जी क्लीनिक और खून-पेशाब जांच केंद्र के संचालन का मामला सामने आया है। प्रवीण कुमार सिंह नामक व्यक्ति ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) प्रयागराज से लिखित शिकायत की है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मांडा थाना क्षेत्र के टिकरी में एक हार्डवेयर की दुकान के ठीक सामने 'बजरंगी क्लीनिक' नाम से यह प्रतिष्ठान संचालित हो रहा है। आरोप है कि यहां बिना किसी वैध पंजीकरण और मान्यता प्राप्त डिग्री के छोटे बच्चों का इलाज किया जाता है। साथ ही, एक ही कमरे में पर्दा लगाकर खून और पेशाब जांच केंद्र भी चलाया जा रहा है।

प्रवीण कुमार सिंह ने अपनी शिकायत में क्लीनिक संचालक के रूप में रमाशंकर दुबे और खून जांच संचालक के रूप में अमरेश दुबे का नाम लिया है। ये दोनों टिकरी बभनी हेठार, मांडा के निवासी बताए गए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ये 'झोलाछाप' डॉक्टर बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से इस फर्जी क्लीनिक को तत्काल सील करने और संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजने की भी मांग की है।

रिपोर्टर : अंशु कुमार कुशवाहा  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.