रंगदारी न देने पर दुकानदार को बेरहमी से पीटा,अवैध असलहे से दी जान से मारने की धमकी
प्रयागराज : प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसलों की एक और खौफनाक तस्वीर सामने आई है। यहां एक हिस्ट्रीशीटर ने दिनदहाड़े एक दुकानदार से रंगदारी मांगते हुए न केवल मारपीट की,बल्कि खुलेआम अवैध असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पूरी घटना झूंसी थाना क्षेत्र के चमनगंज चौकी अंतर्गत लीलापुर रोड पर बुधवार को घटित हुयी ,जहां अमित कुमार भारतीया पुत्र दुर्गेश भारतीया निवासी उतरांव रोज की तरह बुधवार की शाम अपनी दुकान पर बैठा था। तभी झूंसी थाने का हिस्ट्रीशीटर नंबर 14B राघवेंद्र यादव उर्फ़ बऊ यादव पुत्र जबर यादव जो की अभि कुछ दिन पहले ही जेल से छूट कर आया है वो मौके पर पहुंचा और दुकानदार से 5 हजार रुपये की रंगदारी मांगने लगा। जब दुकानदार ने पैसे देने से साफ इनकार किया,तो आरोपी का गुस्सा भड़क उठा।
आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर ने जबरन दुकानदार के गल्ले से 500 रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर हिस्ट्री शीटर ने जातिसूचक गालियां देते हुए लोहे की रॉड से दुकानदार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दुकानदार बुरी तरह घायल होकर गिर पड़ा,लेकिन आरोपी का गुस्सा यहीं नहीं थमा।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने इसके बाद अवैध असलहा निकालकर लहराया और आसपास के लोगों को भी डराने लगा। उसने खुलेआम धमकी दी—“अगर यहां दुकान चलानी है तो हर महीने पैसा देना पड़ेगा, नहीं तो जान से हाथ धो बैठोगे।” आरोपी ने यह भी कहा कि उसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हुए हैं, लेकिन उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सका। कई लोगों ने उसके खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कराया लेकिन उसके खौफ से वो सब क्षेत्र छोड़कर भाग गए।
इस पूरी घटना से इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। लोग खुलेआम कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है की हिस्ट्री शीटर बऊ यादव कई बार जेल जा चुका है। इसके ऊपर गंभीर धाराओं मे कई मुक़दमे दर्ज हैँ,लेकिन हर बार ये जब जेल से छूट कर आता है तो फिर से दुकानदारों को मारपीट कर अपने आतंक की दहशत फैला कर रंगदारी वसूलने लगता है।
पीड़ित दुकानदार घायल अवस्था मे किसी तरह झूंसी थाने पहुंचा और लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
रिपोर्टर : जाबिर अली


No Previous Comments found.